Jabalpur News: नौतपा से पहले ही झुलसा जबलपुर, पारा 45 डिग्री के करीब पहुंचा

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। नौतपा शुरू होने से पहले ही जबलपुर में भीषण गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है। मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान है। वहीं न्यूनतम तापमान बढ़कर 29.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। तेज धूप और गर्म हवाओं के थपेड़ों ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है।

दिन के साथ-साथ रातें भी गर्म होती जा रही हैं। बिना पंखे, कूलर या एसी के रहना मुश्किल हो गया है। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा नजर आ रहा है और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं।

अगले चार दिन और बढ़ेगी गर्मी

मौसम विभाग के अनुसार 20 से 24 मई के बीच जबलपुर में अधिकतम तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। इस दौरान तेज गर्म हवाएं चलेंगी और लू का असर बना रहेगा।

23 मई तक हीटवेव का येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने जबलपुर सहित कटनी, छिंदवाड़ा, बालाघाट, सिवनी, मंडला और डिंडौरी जिलों के लिए 23 मई तक हीटवेव (लू) का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं सतना, रीवा, सीधी और दमोह जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।

येलो और ऑरेंज अलर्ट का मतलब

येलो अलर्ट: सामान्य लोगों के लिए स्थिति सहनीय, लेकिन बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों के लिए स्वास्थ्य जोखिम।

ऑरेंज अलर्ट: लंबे समय तक धूप में रहने वालों के लिए हीट स्ट्रोक और अन्य गर्मी संबंधी बीमारियों का खतरा अधिक।

गर्मी से बचाव के उपाय

दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक धूप में निकलने से बचें। हल्के रंग के ढीले और सूती कपड़े पहनें। सिर को टोपी, गमछे या छाते से ढकें। पर्याप्त मात्रा में पानी, नींबू पानी और अन्य तरल पदार्थ लेते रहें। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखें। नौतपा की शुरुआत से पहले ही जबलपुर में पड़ रही प्रचंड गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक राहत की संभावना नहीं जताई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post