Jabalpur News: विकास के दावों की खुली पोल, कीचड़ में फंसी कलेक्टर राघवेंद्र सिंह की गाड़ी

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। बरगी विधानसभा क्षेत्र के पलवा गांव के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर राघवेंद्र सिंह का वाहन गांव की कीचड़ भरी सड़क में फंस गया। इस घटना ने गांव में कराए गए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए।

निरीक्षण के दौरान मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने कलेक्टर का वाहन रुकवाकर गांव की बदहाल स्थिति से अवगत कराया। ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत में विकास कार्यों के नाम पर लाखों रुपये खर्च दर्शाए गए हैं, लेकिन धरातल पर सड़क, नाली और जल निकासी जैसी मूलभूत सुविधाएं तक ठीक नहीं हैं।

नालियों का पानी सड़कों पर, आवागमन हुआ मुश्किल

ग्रामीणों ने बताया कि गांव की मुख्य सड़कें कीचड़ और गंदे पानी से भरी हुई हैं। नालियों का पानी सीधे सड़कों पर बह रहा है, जिससे लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है। गर्मी के मौसम में भी हालात इतने खराब हैं तो बारिश के दौरान स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है।

पंचायत स्तर पर भ्रष्टाचार के आरोप

ग्रामीणों ने सरपंच कमलेश पटेल, सहायक सचिव साहू और संबंधित अधिकारियों पर निर्माण कार्यों में अनियमितता और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। उनका कहना था कि कई विकास कार्य केवल कागजों में पूरे दिखाए गए हैं, जबकि गांव में सड़क, नाली और जल निकासी जैसी मूलभूत सुविधाओं तक बदहाल हैं।

ग्रामीणों ने पंचायत में हुए सभी निर्माण कार्यों और खर्च की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई और गांव की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो वे जिला मुख्यालय पहुंचकर बड़ा आंदोलन करेंगे।

कलेक्टर ने दिया कार्रवाई का आश्वासन

ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के बाद कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित मामलों की जांच कराने और नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने ग्रामीणों को कलेक्टर कार्यालय बुलाकर विस्तृत चर्चा करने की बात भी कही।

Post a Comment

Previous Post Next Post