दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। ऑनलाइन दवा बिक्री और ई-फार्मेसी के विरोध में बुधवार को देशभर में केमिस्ट संगठनों द्वारा आहूत हड़ताल का असर जबलपुर में भी देखने को मिला। शहर के लगभग 2000 मेडिकल स्टोर बंद रहे। हालांकि मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अस्पतालों में संचालित दवा दुकानें, जन औषधि केंद्र और अमृत फार्मेसी को हड़ताल से अलग रखा गया।
देशव्यापी हड़ताल का आह्वान All India Organisation of Chemists and Druggists (AIOCD) ने किया है। इस हड़ताल को Madhya Pradesh Chemists and Druggists Association का भी समर्थन प्राप्त है।
ऑनलाइन दवा बिक्री पर उठाए सवाल
केमिस्ट संगठनों का कहना है कि कई ऑनलाइन मंच बिना पर्याप्त जांच-पड़ताल और पुराने पर्चों के आधार पर दवाएं उपलब्ध करा रहे हैं। इससे गलत दवा सेवन, दुरुपयोग और जनस्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बढ़ जाती है। संगठन का तर्क है कि पारंपरिक मेडिकल स्टोर में दवा देने से पहले पर्चे और दवा की आवश्यकता का उचित परीक्षण किया जाता है।
जरूरी सेवाएं जारी रहीं
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आवश्यक दवाओं की उपलब्धता बनाए रखने के लिए सरकारी अस्पतालों के मेडिकल स्टोर, जन औषधि केंद्र और अमृत फार्मेसी खुले रहेंगे। मरीजों को आपात स्थिति में दवाओं की कमी न हो, इसके लिए विशेष व्यवस्था की गई है।
सहायता के लिए जारी किए हेल्पलाइन नंबर
दवाइयों की उपलब्धता से संबंधित समस्या होने पर नागरिक औषधि निरीक्षक देवेंद्र कुमार जैन (88199 04545) और प्रवीण पटेल (95899 07750) से संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त खाद्य एवं औषधि प्रशासन, भोपाल के कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 0755-2665385 पर भी सहायता प्राप्त की जा सकती है। हड़ताल के चलते शहर के अधिकांश निजी मेडिकल स्टोर बंद रहे, लेकिन प्रशासन द्वारा की गई वैकल्पिक व्यवस्था के कारण गंभीर मरीजों को आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास जारी रहा।
Tags
jabalpur

.jpeg)
