Jabalpur News: बायो फ्यूल प्लांट में लगी भीषण आग, करोड़ों का नुकसान; कई जिलों से पहुंचीं दमकल गाड़ियां

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जिले से करीब 30 किलोमीटर दूर गोसलपुर स्थित ईको हार्वेस्ट बायो फ्यूल्स प्लांट में शुक्रवार शाम भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते प्लांट परिसर धुएं और आग की लपटों से घिर गया। घटना के बाद आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बन गया। आग पर काबू पाने के लिए देर रात तक दमकल विभाग की टीमें मशक्कत करती रहीं।

जानकारी के अनुसार प्लांट में गेहूं की नरवाई से रोल गट्टे तैयार किए जाते हैं। प्लांट परिसर में बड़ी मात्रा में नरवाई से बने गठ्ठे खुले में रखे हुए थे, जिनमें अचानक आग लग गई। तेज हवा के चलते आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया और करोड़ों रुपए का सामान जलकर खाक हो गया।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, प्लांट के पास पेट्रोल पंप और गैस गोदाम भी मौजूद हैं। यदि आग थोड़ी और फैल जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। सूचना मिलते ही कटनी, जबलपुर, सिहोरा, पनागर और मझौली से दमकल विभाग के वाहन और पानी के टैंकर मौके पर पहुंचे। दमकलकर्मियों ने कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास किया।

आग की चपेट में आने से प्लांट के बाहर रखे गेहूं की नरवाई के गठ्ठे पूरी तरह जल गए। आग धीरे-धीरे वेयरहाउस तक पहुंच गई, जहां मशीनों से तैयार किए गए प्लेट्स भी जलकर नष्ट हो गए। इससे प्लांट की मशीनों को भी भारी नुकसान पहुंचा है।

स्थानीय लोगों ने प्लांट प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि प्लांट के चारों ओर सुरक्षा मानकों के अनुरूप बाउंड्रीवॉल और इरिगेशन ड्रिप सिस्टम नहीं था। वहीं जिस स्थान पर नरवाई के गठ्ठे रखे गए थे, उसके ऊपर से विद्युत केबल लाइन गुजर रही थी, जो सुरक्षा नियमों की अनदेखी को दर्शाता है।

बताया जा रहा है कि प्लांट में आग से निपटने के पर्याप्त इंतजाम भी नहीं थे। मौके पर न तो रेत से भरी बाल्टियां थीं और न ही वाटर कैनन सिस्टम उपलब्ध था। इसके अलावा प्लांट में कोई प्रशिक्षित साइट इंजीनियर भी मौजूद नहीं था और अप्रशिक्षित कर्मचारियों से काम कराया जा रहा था।

घटना की सूचना मिलते ही सिहोरा एसडीएम ज्योति परस्ते, तहसीलदार रूपेश्वरी कुंजाम, एसडीओपी आदित्य सिंघारिया, टीआई गाजीवती कोसाम और नायब तहसीलदार जयभान सिंह उइके मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post