रिहाई से 19 दिन पहले कैदी की मौत: भरण-पोषण मामले में 11 महीने की काट रहा था सजा, मजिस्ट्रियल जांच शुरू

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) मंडला। मंडला जिला जेल में बंद एक कैदी की इलाज के दौरान मौत हो जाने से जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। मृतक की पहचान 48 वर्षीय आनंद चक्रवर्ती के रूप में हुई है, जो सिवनी जिले के केवलारी क्षेत्र के ग्राम साठई का निवासी था। वह भरण-पोषण से जुड़े एक मामले में 11 महीने की सजा काट रहा था और 21 जुलाई 2025 से मंडला जिला जेल में बंद था। उसकी रिहाई आगामी 19 जून को होने वाली थी, लेकिन उससे पहले ही उसकी मौत हो गई।

परिजनों ने जेल प्रशासन पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतक की पत्नी रचना चक्रवर्ती और बहनोई मदन चक्रवर्ती का कहना है कि आनंद पिछले चार से पांच दिनों से बीमार था, लेकिन उसे समय पर और उचित उपचार नहीं मिला। उनका आरोप है कि जिला अस्पताल से रेफर किए जाने के बाद भी उसे जबलपुर मेडिकल कॉलेज नहीं ले जाया गया, जिसके कारण उसकी जान चली गई।

वहीं, जेल प्रशासन ने परिजनों के आरोपों को निराधार बताया है। जेल अधीक्षक संजय सलहाम के अनुसार आनंद चक्रवर्ती पहले से ही हृदय रोग से पीड़ित था और उसका लगातार उपचार कराया जा रहा था। उन्होंने बताया कि नवंबर 2025 में उसे बेहतर इलाज के लिए जबलपुर भेजा गया था, जहां उपचार के बाद वह 5 अप्रैल को वापस जेल लौटा था। इसके अलावा 11 मई को भी उसकी स्वास्थ्य जांच कराई गई थी।

जेल अधीक्षक के मुताबिक शनिवार शाम अचानक आनंद की तबीयत बिगड़ने पर उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया था। जेल प्रबंधन एम्बुलेंस और सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था कर रहा था, तभी इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नियमों के तहत मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए हैं। जांच के दौरान कैदी के इलाज, स्वास्थ्य संबंधी रिकॉर्ड, जेल प्रशासन द्वारा उठाए गए कदमों और मौत के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जाएगी।

अब जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि आनंद चक्रवर्ती की मौत प्राकृतिक कारणों से हुई या फिर इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है। फिलहाल इस घटना ने जेलों में बंद कैदियों की स्वास्थ्य सुविधाओं और उपचार व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post