दिल्ली के साकेत इलाके में 5 मंजिला इमारत ढही, 6 की मौत; 12 मेडिकल स्टूडेंट्स का रेस्क्यू, 2 की हालत गंभीर

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के साकेत इलाके में शनिवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया, जब साकेत मेट्रो स्टेशन के पास स्थित पांच मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि मलबे में दबे 12 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। इनमें से 10 घायलों का इलाज एम्स ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है, जबकि 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है।

दक्षिणी दिल्ली के डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि जिस स्थान पर इमारत का मलबा गिरा, वहां मेडिकल स्टूडेंट्स की कैंटीन संचालित थी। घटना के समय कई छात्र वहां मौजूद थे, जिससे बड़ी संख्या में लोग मलबे में दब गए।

युद्धस्तर पर चला रेस्क्यू ऑपरेशन

हादसे के तुरंत बाद दिल्ली पुलिस, एनडीआरएफ, डीडीएमए और फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया। रविवार को भी बचाव अभियान जारी रहा, क्योंकि आशंका है कि मलबे में अभी और लोग फंसे हो सकते हैं।

घटनास्थल पहुंचीं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता

रविवार सुबह दिल्ली की मुख्यमंत्री Rekha Gupta ने घटनास्थल का दौरा किया और अधिकारियों से स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि अवैध निर्माण करने वालों और ऐसे निर्माण को अनुमति देने वाले जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा, "ऐसी सभी अनधिकृत इमारतों और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।"

दूरदर्शन बिल्डिंग से पत्थर गिरने की घटना भी सामने आई

इसी बीच रविवार को तिलक मार्ग थाना क्षेत्र स्थित दूरदर्शन भवन से पत्थर गिरने की एक अलग घटना में 35 वर्षीय नीरज कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post