Jabalpur News: क्लेरेंस एडकिन्स हत्याकांड मामले में फरार आरोपियों पर 10-10 हजार का इनाम घोषित

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। चर्चित क्लेरेंस एडकिन्स हत्याकांड में पुलिस ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी तेज कर दी है। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय द्वारा मामले में फरार तीन आरोपियों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। पुलिस ने आमजन से भी आरोपियों की गिरफ्तारी में सहयोग की अपील की है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि इस सनसनीखेज हत्याकांड के पीछे करोड़ों की जमीन का विवाद मुख्य वजह था। रायपुर की लगभग 15 एकड़ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था, जिसमें मृतक क्लेरेंस एडकिन्स ने सिविल सूट दायर कर स्टे लिया हुआ था। इससे सौदा अटक गया था और आरोपियों को आर्थिक नुकसान का अंदेशा था।

बताया जा रहा है कि इसी विवाद के चलते रिश्ते में भाई लगने वाले युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।

पुलिस के अनुसार 22 अप्रैल की रात मोहित ठाकुर के घर दादी की तेरहवीं कार्यक्रम के दौरान आरोपी प्रिंस नेल्सन, अर्पित कुशवाहा और अरुण रैकवार के बीच बातचीत हुई। इसी दौरान प्रिंस ने क्लेरेंस को “रास्ते से हटाने” की बात कही और सभी ने मिलकर हत्या की साजिश तैयार कर ली।

वारदात को अंजाम देने से पहले आरोपियों ने करीब एक सप्ताह तक क्लेरेंस की गतिविधियों पर नजर रखी। उसकी दिनचर्या, आने-जाने के रास्ते और समय की पूरी जानकारी जुटाई गई।

23 अप्रैल की सुबह आरोपी बाइक से निकले और पहले से तय योजना के तहत क्लेरेंस को गोली मार दी। गोली लगते ही वह मौके पर ही गिर पड़ा। वारदात के बाद आरोपी चौथा पुल पहुंचे और वहां से फरार हो गए।

रांझी पुलिस ने मामले में अब तक मोहित ठाकुर और अरुण रैकवार को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से दो बाइक भी जब्त की गई हैं, जिनमें एक महंगी बाइक शामिल है।

वहीं, मुख्य आरोपी प्रिंस नेल्सन (25 वर्ष), विकास नेल्सन उर्फ रिंकू उर्फ बाबा (50 वर्ष) और अर्पित कुशवाहा (22 वर्ष) अब भी फरार हैं। तीनों आरोपी ओमती थाना क्षेत्र के बराट कम्पाउंड इलाके के निवासी बताए जा रहे हैं।

पुलिस अधीक्षक द्वारा तीनों फरार आरोपियों की गिरफ्तारी या सूचना देने वाले को प्रत्येक पर 10,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया है। यह इनाम उन लोगों को भी दिया जाएगा जो गिरफ्तारी में सहयोग करेंगे।

सीएसपी सतीश कुमार साहू के अनुसार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं। संभावना है कि आरोपी छत्तीसगढ़ में छिपे हुए हैं। पुलिस ने 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें आरोपी एक ही बाइक पर सवार नजर आए। वारदात के बाद उन्होंने बिना नंबर की बाइक का इस्तेमाल किया, ताकि पहचान छिपाई जा सके।

गिरफ्तार आरोपी अरुण रैकवार (20 वर्ष) नरसिंहपुर जिले का निवासी है और जबलपुर के एक निजी कॉलेज से बी-टेक की पढ़ाई कर रहा था। 

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को इन फरार आरोपियों के बारे में जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post