Jabalpur News: प्रेम विवाह से नाराज युवती के परिजनों का बीच सड़क खूनी तांडव, दामाद को मारा चाकू

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र अंतर्गत गन्ना गेट इंजीनियरिंग कॉलेज के पास प्रेम विवाह से उपजी रंजिश के चलते एक युवक पर जानलेवा हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। युवती के पिता, भाई और अन्य परिजनों ने मिलकर युवक के ऑटो को बीच रास्ते में रोका और उस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए।  पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दमोह नाका निवासी मेहित चौधरी (23 वर्ष) ने राजनंदनी वंशकार के साथ प्रेम विवाह किया था। इस संबंध में थाना रांझी में गुम इंसान क्रमांक 61/26 दर्ज था। 

इसी मामले में अपनी पत्नी की दस्तयाबी (बयान व कागजी कार्रवाई) के लिए मेहित अपनी मां, बहन और चाची के साथ रांझी थाने आया था। कार्रवाई पूरी होने के बाद सभी लोग ऑटो से वापस दमोह नाका लौट रहे थे। जैसे ही उनका ऑटो गन्ना गेट के पास पहुंचा, वहां पहले से घात लगाकर बैठे राजनंदनी के पिता राकेश वंशकार, भाई हरीश वंशकार, चाचा सचिन वंशकार और मौसी का लड़का राहुल वंशकार ने ऑटो को जबरन रुकवा लिया। आरोपियों ने ऑटो से सभी को नीचे उतारा और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। 

आरोपियों का कहना था कि मेहित ने उनकी लड़की को भगाकर परिवार की बदनामी की है। विवाद के दौरान आरोपी राहुल वंशकार ने हत्या की नीयत से जेब से चाकू निकाला और मेहित के पेट पर वार करना चाहा। मेहित के अचानक मुड़ने से चाकू उसके बाएं पैर की जांघ में जा लगा, जिससे खून की धार बह निकली। इसके बाद आरोपी ने दोबारा मेहित के सीने पर चाकू से हमला किया, जिसे मेहित ने हाथ से रोका, जिससे उसकी उंगलियों में गहरी चोट आई। 

घटना के वक्त मेहित की पत्नी, मां और बहन के शोर मचाने पर सड़क से गुजर रहे राहगीर मदद के लिए दौड़े। भीड़ इकट्ठा होते देख चारों आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल मेहित को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। पीड़ित मेहित चौधरी की रिपोर्ट पर रांझी पुलिस ने आरोपी राकेश वंशकार, हरीश वंशकार, सचिन वंशकार और राहुल वंशकार के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 296(बी), 109 और 3(5) के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच में लिया है। 

Post a Comment

Previous Post Next Post