Jabalpur News: बीएसएफ के रिटायर्ड जवान ने लगाई फांसी, सुसाइड नोट में लिखा- 'जिंदगी का सफर यहीं तक था'

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। कटंगी थाना क्षेत्र के ग्राम कूडन में बीएसएफ (BSF) से सेवानिवृत्त एक 69 वर्षीय बुजुर्ग ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद मौके से एक सुसाइड नोट और मोबाइल फोन में एक महिला का धमकी भरा ऑडियो मिला है, जिसने मामले को संदिग्ध बना दिया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

'अब थक गया हूं, परेशान हो गया हूं'

मूलतः भेड़ाघाट निवासी शिवकुमार श्रीवास्तव पिछले दो साल से कूडन गांव में अपने बेटे और बहू के साथ रह रहे थे। बुधवार सुबह उनका शव कमरे में फंदे से लटका मिला। पुलिस को तलाशी के दौरान एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें शिवकुमार ने लिखा, "मैं अपनी जिंदगी का सफर तय करते-करते अब थक गया हूं, परेशान हो गया हूं। अपनी मर्जी से आत्महत्या कर रहा हूं, इसका जिम्मेदार मैं स्वयं हूं।" उन्होंने सुसाइड नोट में थाना प्रभारी से यह भी अनुरोध किया कि उनकी मौत के लिए किसी को परेशान न किया जाए।

मोबाइल में मिली महिला की खौफनाक धमकी

हालांकि सुसाइड नोट में उन्होंने किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया, लेकिन उनके मोबाइल फोन से मिले एक ऑडियो ने पुलिस के कान खड़े कर दिए हैं। ऑडियो में एक महिला शिवकुमार को बुरी तरह धमकाते हुए कह रही है— "कितने दिन फोन बंद करके रखेगा... घर से निकालकर मारूंगी। ऐसी बेइज्जती करूंगी कि उसे सुसाइड ही करना पड़ेगा।" महिला की यह आवाज उस मानसिक प्रताड़ना की ओर इशारा कर रही है, जिसका सामना रिटायर्ड जवान कर रहे थे।

सुबह जब दरवाजा नहीं खुला तो चला पता

परिजनों के अनुसार, मंगलवार रात शिवकुमार ने सबके साथ खाना खाया और अपने कमरे में चले गए। बुधवार सुबह जब वे रोजाना की तरह टहलने के लिए बाहर नहीं निकले, तो बेटे-बहू ने दरवाजा खटखटाया। कोई जवाब न मिलने पर पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया, तो अंदर शिवकुमार का शव लटका मिला।

घटना की सूचना मिलते ही कटंगी थाना प्रभारी पूजा उपाध्याय और एएसपी सूर्यकांत शर्मा मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भिजवाया है। एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि सुसाइड नोट और मोबाइल ऑडियो को जब्त कर लिया गया है। पुलिस अब उस महिला की पहचान करने में जुटी है जिसकी आवाज ऑडियो में है। जल्द ही महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जाएगी ताकि आत्महत्या के असली कारणों का खुलासा हो सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post