दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर के ग्वारीघाट थाने में उस वक्त हड़कंप मच गया जब अनुशासन का पाठ पढ़ाने वाले विभाग में ही मर्यादाएं तार-तार हो गईं। थाने में गणना के दौरान एक आरक्षक ने थाना प्रभारी (TI) के साथ न केवल अभद्रता की, बल्कि विवाद इतना बढ़ा कि उसने टीआई की कॉलर तक पकड़ ली। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी संपत उपाध्याय ने आरोपी आरक्षक को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर जांच के आदेश दिए हैं।
गणना के दौरान भड़का आरक्षक
जानकारी के अनुसार, ग्वारीघाट थाना प्रभारी हरिकिशन आटनेरे थाने में मौजूद सभी पुलिसकर्मियों की गणना ले रहे थे। इस दौरान वे रूटीन प्रक्रिया के तहत कर्मचारियों को उनके कार्य संबंधी दिशा-निर्देश दे रहे थे। जब टीआई आटनेरे ने आरक्षक अजय लोधी को उसके कार्य के संबंध में टोकते हुए कुछ निर्देश दिए, तो आरक्षक अचानक भड़क गया।
थाने के भीतर मची अफरा-तफरी
बताया जा रहा है कि जब थाना प्रभारी ने आरक्षक को अनुशासन के दायरे में रहकर बात करने की हिदायत दी, तो आरक्षक अजय लोधी अपना आपा खो बैठा। उसने सरेराह थाना प्रभारी के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और झपटकर उनकी कॉलर पकड़ ली। थाने के भीतर अपने ही अधीनस्थ द्वारा की गई इस हरकत को देख वहां मौजूद अन्य उप-निरीक्षक (SI) और पुलिसकर्मी स्तब्ध रह गए। तत्काल बीच-बचाव करते हुए अन्य स्टाफ ने आरक्षक को पकड़कर अलग किया, लेकिन इसके बावजूद वह अभद्रता करता रहा।
एसपी ने की त्वरित कार्रवाई
थाना प्रभारी हरिकिशन आटनेरे ने घटना की सूचना तुरंत पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय को दी। अनुशासनहीनता के इस गंभीर मामले को एसपी ने कड़ा संज्ञान लिया और आरक्षक अजय लोधी को तत्काल लाइन हाजिर करने का आदेश जारी कर दिया। विभाग के भीतर ही उच्चाधिकारी के साथ हुई इस बदसलूकी को लेकर पुलिस महकमे में दिन भर चर्चाओं का बाजार गर्म रहा।
Tags
jabalpur
