दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। डिजिटल दौर में साइबर अपराधी नए-नए तरीकों से लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। ताजा मामला तिलवारा थाना क्षेत्र का है, जहां एक निजी स्कूल की शिक्षिका को 'पुराना छात्र' बनकर झांसा दिया गया और महंगे गिफ्ट का लालच देकर उनसे 4 लाख 4 हजार 500 रुपये की ठगी कर ली गई। पुलिस ने अज्ञात जालसाज के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस को दी गई रिपोर्ट में अवनी विहार, तिलवारा निवासी श्रुति सेन (31 वर्ष), जो गुरुकुल स्कूल में शिक्षिका हैं, ने बताया कि उनकी इंस्टाग्राम आईडी पर 'tanu-sharma-uk-london' नाम की एक आईडी से मैसेज आया। मैसेज करने वाले व्यक्ति ने खुद को उनका पुराना छात्र बताया और कहा कि वह वर्तमान में यूके (लंदन) में रह रहा है। जालसाज ने शिक्षिका से कहा कि वह उन्हें गोल्ड और डायमंड ज्वेलरी सेट गिफ्ट करना चाहता है।
शिक्षिका ने पहले मना किया, लेकिन आरोपी ने भावनात्मक दबाव बनाते हुए कहा कि उसने पार्सल भेज दिया है और उसे प्राप्त करने के लिए केवल लंदन का 'टैक्स' चुकाना होगा। झांसे में आकर शिक्षिका ने पहली बार 10,200 रुपये गूगल पे के माध्यम से ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद आरोपी ने अलग-अलग यूपीआई आईडी देकर कभी क्लीयरेंस तो कभी अन्य शुल्कों के नाम पर पैसे मंगवाना जारी रखा। जब कोई पार्सल घर नहीं पहुंचा, तो शिक्षिका को संदेह हुआ। उन्होंने आरोपी रवि शर्मा के मोबाइल नंबर पर व्हाट्सएप कॉल किया।
आरोपी ने पार्सल देने के बजाय और पैसों की मांग की और कहा कि 'पूरा पेमेंट' होने के बाद ही पार्सल मिलेगा। तब तक शिक्षिका के स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (मेडिकल कॉलेज ब्रांच) के खाते से 4,04,500 रुपये निकल चुके थे। धोखाधड़ी का अहसास होने पर पीड़िता ने तिलवारा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) (धोखाधड़ी) के तहत मामला पंजीबद्ध कर लिया है।
