दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के माढ़ोताल थाना क्षेत्र अंतर्गत चुंगी नाका स्थित एक शराब दुकान में बीती रात जमकर बवाल हो गया। प्रिंट रेट से ज्यादा पैसे वसूलने और फ्री में शराब मांगने के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच लाठी, डंडे और लोहे की रॉड से खूनी संघर्ष हुआ। घटना में दोनों पक्षों के लोगों को गंभीर चोटें आई हैं।
पहला पक्ष: "बंधक बनाकर जान से मारने की नीयत से पीटा"
करमेता की विश्वकर्मा कॉलोनी (गणेश मंदिर के पास) निवासी अमित यादव (37 वर्ष) ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि रविवार शाम करीब 7 बजे उनका चचेरा भाई आकाश यादव चुंगी नाका शराब दुकान पर गया था। वहां किंगफिशर बियर पर प्रिंट रेट से अधिक पैसे मांगे जाने का जब आकाश ने विरोध किया और फोन लगाने लगा, तो दुकान के कर्मचारियों ने उसका मोबाइल छीन लिया और गाली-गलौज शुरू कर दी।
सूचना मिलने पर जब अमित यादव मौके पर पहुंचे और बातचीत की कोशिश की, तो दुकान के कर्मचारियों ने कहा कि 'दुकान मालिक पहरियाजी ने कहा है कि इन्हें अंदर ले जाकर ऐसा मारो कि जिंदा बचकर न जा पाएं, बाकी हम देख लेंगे।' इसके बाद कर्मचारियों ने अमित और आकाश दोनों को जान से मारने की नीयत से दुकान के अंदर खींच लिया और कमरा बंद करके लाठी, डंडे और लोहे की रॉड से बेरहमी से हमला कर दिया।
गंभीर रूप से घायल पीड़ितों के चिल्लाने पर वहां मौजूद विक्की सोनी और सोनू चौबे ने अमित के पिता रामसुजान यादव को फोन पर सूचना दी। पिता ने मौके पर पहुंचकर दोनों को बाहर निकाला, जिसके बाद आरोपियों ने उनके साथ भी गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। अमित यादव की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 296(बी), 115(2), 304(2), 351(3), 109(1), और 3(5) बीएनएस (BNS) के तहत मामला दर्ज किया है।
दूसरा पक्ष: "फ्री में शराब न देने पर की मारपीट, गल्ले से 5 हजार लूटे"
वहीं, दूसरी ओर महाराजपुर (पटेल नगर, अधारताल) निवासी आकाश चौधरी (24 वर्ष), जो उक्त शराब दुकान में सेल्समैन है, ने भी क्रॉस रिपोर्ट दर्ज कराई है। आकाश चौधरी का आरोप है कि रविवार शाम करीब 7 बजे जब वह काउंटर पर शराब बेच रहा था, तभी अमित यादव और आकाश यादव वहां आए और मुफ्त में शराब की मांग करने लगे।
सेल्समैन द्वारा फ्री में शराब देने से मना करने पर दोनों आरोपी अपने साथियों के साथ दुकान के भीतर घुस आए। आरोप है कि अमित यादव ने सेल्समैन का नाम पूछकर उसे जातिगत रूप से अपमानित करते हुए गाली-गलौज की और हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आए अन्य कर्मचारी अमित कोरी के साथ भी मारपीट की गई।
शिकायतकर्ता सेल्समैन का आरोप है कि मारपीट के दौरान अमित यादव और आकाश यादव ने दुकान के गल्ले में रखे 5,000 रुपये लूट लिए और काउंटर पर रखी शराब की बोतलें तोड़ दीं। इसी बीच अमित के पिता रामसुजान यादव भी वहां पहुंचे और उन्होंने भी तोड़फोड़ की। दुकान के अन्य कर्मचारियों (कमलचंद, अयोध्या गोस्वामी, राजा जायसवाल) ने जब बीच-बचाव किया, तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। इस हमले में सेल्समैन आकाश चौधरी और अमित कोरी को हाथ व पीठ पर चोटें आई हैं। सेल्समैन की रिपोर्ट पर माढ़ोताल पुलिस ने दूसरे पक्ष के खिलाफ धारा 296(बी), 115(2), 333, 309(4), 119(1), 351(3), 324(4), और 3(5) बीएनएस (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।
