दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र के पुराना शोभापुर में रविवार (31 मई) की देर रात पुरानी रंजिश को लेकर एक ठेकेदार पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। तीन बदमाशों ने घेरकर ठेकेदार को गाली-गलौज की और जान से मारने की नियत से बटनदार चाइना चाकू से हमला कर दिया। पीड़ित के सूझबूझ से मुड़ जाने के कारण उसकी जान तो बच गई, लेकिन चाकू उसकी जांघ पर जा लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुराना शोभापुर निवासी पुष्पेंद्र रजक (38 वर्ष), जो कि पेशे से ठेकेदारी का काम करते हैं, ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुष्पेंद्र ने बताया कि रविवार रात करीब 11 बजे वह क्षेत्र के लखन किराना स्टोर्स के सामने खड़े थे। इसी दौरान वहां पुराना शोभापुर के ही रहने वाले प्रवीण रजक, पवन रजक और देबू अन्ना आ धमके। तीनों पुरानी रंजिश को लेकर पुष्पेंद्र के साथ गाली-गलौज करने लगे।
जब पुष्पेंद्र ने गालियां देने का विरोध किया, तो विवाद बढ़ गया। इसी बीच पवन रजक और देबू अन्ना ने पुष्पेंद्र को पीछे से कसकर पकड़ लिया, ताकि वह हिल न सके। इसके तुरंत बाद प्रवीण रजक ने हत्या करने की नियत से अपनी जेब से बटनदार चाइना चाकू निकाला और सीधे पुष्पेंद्र के पेट पर वार कर दिया।
चाकू पेट पर लगते ही पुष्पेंद्र ने पूरी ताकत लगाकर खुद को बचाने के लिए मोड़ा। इस सूझबूझ के कारण चाकू पेट में न लगकर उसकी बाईं जांघ के पिछले हिस्से में, घुटने के ठीक ऊपर जा लगा। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भाग निकले। घायल ठेकेदार को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है।
रांझी थाना पुलिस ने पीड़ित पुष्पेंद्र रजक की शिकायत पर तत्परता दिखाते हुए आरोपी प्रवीण रजक, पवन रजक और देबू अन्ना के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
Tags
jabalpur
