दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। आयुध निर्माणी (ऑर्डनेंस फैक्ट्री) में देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वहां ड्युटी पर तैनात कर्मचारियों ने एक तेंदुए को घूमते हुए देखा। फैक्ट्री परिसर के भीतर हिंसक वन्यजीव की मौजूदगी की खबर से कर्मचारियों और रहवासियों में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कर्मचारियों ने तुरंत इसकी सूचना निर्माणी प्रशासन और वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई है और सोमवार को भी निर्माणी के भीतर तेंदुए की तलाश में जुटी हुई है। प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि यह तेंदुआ गन कैरेज फैक्ट्री (जीसीएफ) के घने जंगलों से भटक कर यहां पहुंचा है। एहतियात के तौर पर ऑर्डनेंस फैक्ट्री से सटी बगल की वाहन निर्माणी (वीएफजे) में भी अलर्ट जारी कर सतर्कता बढ़ा दी गई है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
उल्लेखनीय है कि जबलपुर के खमरिया आयुध निर्माणी और उसके आसपास के रिहायशी इलाकों में तेंदुओं की सक्रियता पहले भी देखी जा चुकी है। इससे पहले दिसंबर 2025 के अंतिम सप्ताह में भी सारणी क्वार्टर्स में एक वयस्क तेंदुआ बाउंड्री गेट फांदकर रिहायशी इलाके में घुस आया था। वह तेंदुआ फैक्ट्री कर्मचारी राजू मीणा के घर में दाखिल हुआ था, जिसकी पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थी। इसके अलावा पूर्व में फैक्ट्री के संवेदनशील एफ-6 सेक्शन में भी तेंदुआ देखा जा चुका है। खमरिया और जीसीएफ के जंगली इलाकों से घिरे होने के कारण इस क्षेत्र में लगातार तेंदुओं की धमक से सुरक्षाकर्मियों और यहां रहने वाले परिवारों में दहशत का माहौल है। वन विभाग की टीम थर्मल कैमरों और पिंजरों की मदद से तेंदुए को सुरक्षित ट्रेंकुलाइज करने का प्रयास कर रही है, वहीं फैक्ट्री प्रशासन ने कर्मचारियों को अकेले सुनसान रास्तों पर न जाने की सलाह दी है।
Tags
jabalpur
