दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। अधारताल थाना क्षेत्र के ऋषि नगर (करौंदा) में देर रात घर लौट रहे एक युवक को रास्ते में मिले उसके ही दो परिचितों ने घेर लिया और 'राजश्री' गुटखा मांगने लगे। युवक ने जब गुटखा होने से मना किया, तो दोनों आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चाकू युवक की छाती, जांघ और दाहिने हाथ में लगी है, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। घायल को गंभीर हालत में नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ऋषि नगर करौंदा निवासी विक्की उर्फ रिंकू यादव (24 वर्ष), जो कि एक निजी काम करता है, रविवार रात करीब 10:30 बजे अपना काम खत्म करके घर लौट रहा था। जैसे ही वह क्षेत्र के दुर्गा मंदिर के पास पहुंचा, वहां उसे पहले से परिचित शानू केवट और नीरज केवट मिल गए। दोनों ने विक्की को रोककर उससे राजश्री गुटखा मांगा। विक्की ने सहज भाव से कहा कि उसके पास राजश्री नहीं है।
इतनी सी बात सुनते ही दोनों आरोपी भड़क गए और विक्की के साथ सरेराह मां-बहन की गंदी-गंदी गालियां देने लगे। जब विक्की ने गाली देने का विरोध किया, तो दोनों ने पहले उसे लात-मुक्कों से बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया। मारपीट के दौरान ही आरोपी नीरज केवट ने अपनी जेब से धारदार चाकू निकाल लिया। उसने विक्की को जान से मारने की नियत से उस पर सीधा हमला कर दिया। नीरज ने विक्की की छाती, जांघ और दाहिने हाथ पर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार किए, जिससे खून का फव्वारा फूट पड़ा। विक्की को लहूलुहान हालत में छोड़कर दोनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकले। घटना के बाद घायल विक्की को तुरंत इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। अस्पताल से मिली सूचना के बाद अधारताल थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल के बयानों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
