Jabalpur News: रादुवि के उपकुलसचिव पर गंभीर आरोप; कर्मचारी से कहा- पत्नी लेकर आओ, वेतन वृद्धि बहाल करवा दूंगा

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय एक बार फिर विवादों के केंद्र में आ गया है। विश्वविद्यालय के एक उपकुलसचिव पर बेहद गंभीर और आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगा है। पीड़ित कर्मचारी ने आरोप लगाया है कि दो वेतन वृद्धियां बहाल कराने के एवज में उपकुलसचिव ने उससे उसकी पत्नी को साथ लाने की बात कही और अभद्र टिप्पणी की।

कर्मचारी के अनुसार, उपकुलसचिव ने कहा कि उसकी पत्नी अधिवक्ता होने के साथ-साथ सुंदर भी दिखती हैं और उनके साथ संबंध बनाने में अच्छा लगेगा। कर्मचारी ने बताया कि यह बात सुनकर वह स्तब्ध रह गया और उसे विश्वास नहीं हुआ कि विश्वविद्यालय के इतने जिम्मेदार पद पर बैठा कोई अधिकारी इस तरह की टिप्पणी कर सकता है।

सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज

घटना से आहत कर्मचारी ने विश्वविद्यालय प्रशासन के साथ-साथ सिविल लाइन थाना में भी शिकायत दर्ज कराई है। मामले में उपकुलसचिव का पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।

पीड़ित कर्मचारी ने बताया कि कुछ माह पूर्व एक सड़क दुर्घटना में उसके सिर में गंभीर चोट आई थी और वह अभी पूरी तरह स्वस्थ नहीं हो पाया है। ऐसे में अधिकारी की कथित टिप्पणी ने उसे मानसिक रूप से गहरा आघात पहुंचाया है। उसने कहा कि इस घटना के बाद वह तनाव और अवसाद की स्थिति से गुजर रहा है।

विश्वविद्यालय परिसर में चर्चा का विषय बना मामला

शिकायत सामने आने के बाद विश्वविद्यालय परिसर में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। कर्मचारी संगठनों और विश्वविद्यालय के कर्मचारियों के बीच इस मामले को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कई कर्मचारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पीड़ित ने लगाई न्याय की गुहार

पीड़ित कर्मचारी ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यदि ऐसे मामलों में कार्रवाई नहीं होती है तो कर्मचारियों का प्रशासन पर विश्वास कमजोर होगा। वहीं कर्मचारियों का कहना है कि यदि शिकायत में लगाए गए आरोप सही साबित होते हैं तो यह केवल एक कर्मचारी के सम्मान का नहीं, बल्कि पूरे विश्वविद्यालय की छवि को धूमिल करने वाला मामला है।

Post a Comment

Previous Post Next Post