MP News: तेज हवाओं और बारिश से बदला इंदौर का मौसम, गर्मी से मिली राहत

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर। शहर में सोमवार दोपहर मौसम ने अचानक करवट ली। तेज गर्मी के बीच आसमान में बादल छा गए और तेज हवाएं चलने लगीं। इसके बाद शहर के कई इलाकों में रिमझिम बारिश हुई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली। कनाड़िया क्षेत्र में तेज हवाओं के चलते बवंडर भी देखने को मिला, जिससे आसपास धूल का गुबार उठ गया।

मई के अंतिम दिनों में इंदौर में गर्मी के तेवर काफी नरम रहे। रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4 डिग्री कम रहा। यह पूरे मई महीने का सबसे कम अधिकतम तापमान भी रहा। हालांकि दिनभर वातावरण में नमी बनी रहने से उमस महसूस की गई, लेकिन तेज धूप और लू से लोगों को राहत मिली। वहीं रात का तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1 डिग्री अधिक रहा।

मई महीने की शुरुआत 39.4 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ हुई थी और पूरे माह तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिला। इस दौरान 20 दिनों तक अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। नौतपा के शुरुआती दिनों में जहां भीषण गर्मी का असर रहा, वहीं अंतिम सप्ताह में मौसम का मिजाज बदलने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। पिछले करीब 15 दिनों से उमस लोगों को परेशान कर रही थी, लेकिन अब बारिश और बादलों की सक्रियता से राहत मिलने लगी है।

मौसम विभाग के अनुसार जून महीने में आमतौर पर मानसून पूर्व गतिविधियों के कारण तापमान में कमी आती है। पिछले सात वर्षों के आंकड़ों के अनुसार जून में इंदौर का अधिकतम तापमान 39.6 से 41.6 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा है। वर्ष 2025 में जून का अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था। वहीं जून में होने वाली वर्षा कुल मानसूनी वर्षा के शुरुआती हिस्से का महत्वपूर्ण योगदान देती है। पिछले वर्ष जून में शहर में करीब साढ़े पांच इंच बारिश दर्ज की गई थी।

इंदौर के मौसम से जुड़े कई रिकॉर्ड भी दर्ज हैं। वर्ष 1980 में जून माह में 17 इंच से अधिक वर्षा हुई थी, जबकि 23 जून 2003 को 24 घंटे में लगभग 5 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई थी। वहीं 3 जून 1991 को अधिकतम तापमान 45.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जबकि 12 जून 1958 को न्यूनतम तापमान 18.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

प्रदेशभर में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है। पिछले कुछ दिनों से आंधी और बारिश की गतिविधियों के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। सतना सहित कई जिलों में अच्छी बारिश हुई है, जबकि इंदौर और आसपास के क्षेत्रों में भी दिन के तापमान में कमी आई है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में भी आंधी, बादल और हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post