दैनिक सांध्य बन्धु मंडला। मंडला शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत राजराजेश्वरी वार्ड में सोमवार दोपहर नर्मदा नदी में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने नदी में शव तैरता देख तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस और राज्य आपदा आपातकालीन प्रतिक्रिया बल (एसडीईआरएफ) की टीम मौके पर पहुंची। एसडीईआरएफ के जवानों ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर शव को नदी से बाहर निकाला और पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया है। प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थानों से संपर्क कर गुमशुदगी की रिपोर्टों का मिलान कर शव की शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है।
पुलिस के अनुसार मामले की जांच शुरू कर दी गई है। मौत किन परिस्थितियों में हुई और शव नदी में कैसे पहुंचा, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है।
Tags
madhya pradesh
