दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) सिवनी। बकरीद के अवसर पर गोवंश की कुर्बानी देकर जिले का माहौल बिगाड़ने की कथित साजिश का खुलासा करते हुए सिवनी पुलिस ने महाराष्ट्र के नागपुर से मुख्य आरोपी मोहम्मद हामिद उर्फ इंजीनियर हामिद को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अन्य आरोपियों के साथ उसे सोमवार को न्यायालय में पेश किया।
पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा एवं एसडीओपी सचिन परते के निर्देशन में गठित विशेष टीम मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार 28 मई को गोपनीय सूचना प्राप्त हुई थी कि हड्डी गोदाम निवासी मौलाना मजीद खान बकरीद पर गोवंश की कुर्बानी की योजना बना रहे हैं और इसके लिए चंदा भी एकत्र किया जा रहा है।
सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पहले चरण में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 17 गोवंश को मुक्त कराया था। जांच के दौरान फोन-पे ट्रांजेक्शन सहित अन्य डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल में नागपुर के गांधीबाग निवासी 69 वर्षीय मोहम्मद हामिद की भूमिका सामने आई। पुलिस का आरोप है कि हामिद ने मौलाना मजीद को गोवंश की कुर्बानी कराने और जिले का माहौल खराब करने के निर्देश दिए थे।
अब तक 7 आरोपी गिरफ्तार
कोतवाली थाना प्रभारी सतीश तिवारी के अनुसार मामले में अब तक कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। नागपुर से गिरफ्तार इंजीनियर हामिद और सिवनी निवासी आसिफ खान से पुलिस रिमांड पर पूछताछ जारी है। जांच के दौरान कुछ अन्य लोगों की संलिप्तता भी सामने आने की संभावना जताई जा रही है।
सोमवार को पुलिस ने इंजीनियर हामिद, आसिफ खान, मौलाना मजीद, शेख आबिद, मुक्तदीर, अमजद और अहमद को न्यायालय में पेश किया। पुलिस का कहना है कि आवश्यकता पड़ने पर मुख्य आरोपी को दोबारा रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। मामले में फरार आरोपियों की तलाश भी जारी है।
पैदल जुलूस निकालकर कोर्ट पहुंचाया
गिरफ्तार आरोपियों को पुलिस सुरक्षा के बीच पैदल जुलूस के रूप में न्यायालय ले जाया गया। मामले को लेकर पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Tags
madhya pradesh
