Jabalpur News: मक्रवाहिनी मंदिर के पास चले चाकू, युवक गंभीर रूप से घायल; पुरानी रंजिश के चलते वारदात

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना कोतवाली अंतर्गत खोवा मंडी के पास पुरानी रंजिश को लेकर दो युवकों ने एक चाट-फुल्की व्यवसायी पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। 

जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र निवासी 25 वर्षीय ऋषभ विश्वकर्मा (जो चाट-फुल्की का ठेला लगाता है) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़ित ने बताया कि बीती रात करीब 10 बजे वह अपने घर से मक्रवाहिनी मंदिर खोवा मंडी के पास गुटखा लेने गया था। जब वह गुटखा लेकर वापस अपने घर लौट रहा था, तभी रास्ते में उसे राहुल विश्वकर्मा और राहुल सोनी मिले।

आरोपियों ने 'बहुत होशियार बनता है' कहते हुए ऋषभ को घेर लिया। इसके बाद राहुल सोनी ने ऋषभ के दोनों हाथ पीछे से पकड़ लिए, जबकि राहुल विश्वकर्मा ने जान से मारने की नीयत से चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पहला वार ऋषभ के बाएं हाथ पर लगा। इसके बाद राहुल विश्वकर्मा ने चाकू से कई और वार किए, जिससे पीड़ित लहूलुहान होकर नीचे बैठ गया।

नीचे गिरने के बाद भी आरोपियों का मन नहीं भरा। दोनों ने पीड़ित के साथ गाली-गलौज करते हुए उसे पैरों से धक्का देकर नीचे गिरा दिया और लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी। हमले और मारपीट के कारण ऋषभ के बाएं जांघ और कंधे पर गंभीर चोटें आई हैं। जब ऋषभ ने शोर मचाया, तो उसका बड़ा भाई रोहित और स्थानीय निवासी अभी बर्मन उसे बचाने दौड़े। उन्हें आता देख दोनों आरोपी मौके से भाग निकले। पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने पुरानी दुश्मनी के चलते उस पर यह जानलेवा हमला किया है।

कोतवाली पुलिस ने पीड़ित ऋषभ विश्वकर्मा की शिकायत पर मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी राहुल सोनी और राहुल विश्वकर्मा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(बी) (अश्लील हरकतें/गाली-गलौज), 115(2) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 109(1) (हत्या का प्रयास) और 3(5) (संयुक्त संलिप्तता/साझा इरादा) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post