Jabalpur News: 3 जून से रांझी क्षेत्र में केवल सुबह होगी जलापूर्ति

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के रांझी एवं आसपास के क्षेत्रों में जलापूर्ति को लेकर नगर निगम ने महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। परियट जलाशय में जलस्तर कम होने और बरगी दायी तट नहर से पर्याप्त मात्रा में कच्चा पानी नहीं मिल पाने के कारण रांझी जल शोधन संयंत्र से की जाने वाली नियमित सुबह-शाम की जलापूर्ति प्रभावित हो गई है।

नगर निगम के अनुसार परियट जलाशय, बरगी दायी तट नहर एवं फगुआ स्रोत से प्राप्त जल के माध्यम से संचालित 54 एमएलडी क्षमता वाले रांझी जल शोधन संयंत्र से प्रतिदिन सुबह और शाम दोनों समय जलापूर्ति की जाती है। लेकिन वर्तमान में परियट जलाशय का जलस्तर काफी कम हो गया है, जिससे पर्याप्त मात्रा में रॉ-वॉटर उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। वहीं बरगी दायी तट नहर में भी जलस्तर कम होने के कारण संयंत्र को पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है।

इन परिस्थितियों को देखते हुए नगर निगम ने निर्णय लिया है कि 3 जून 2026 से रांझी जल शोधन संयंत्र से भरी जाने वाली उच्चस्तरीय जल टंकियों से केवल प्रातःकालीन जलापूर्ति की जाएगी। यह व्यवस्था परियट जलाशय के पुनः भरने तक लागू रहेगी।

इस निर्णय से प्रभावित होने वाले क्षेत्रों में कुली हील, संजय नगर अधारताल, शोभापुर, रांझी जल शोधन संयंत्र स्थित ओवरहेड टैंक क्षेत्र, संजय नगर रावण पार्क, बजरंग नगर, मुक्तिधाम रांझी सहित अन्य इलाके शामिल हैं।

नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों से पानी का उपयोग आवश्यकता अनुसार और सावधानीपूर्वक करने की अपील की है, ताकि उपलब्ध जल संसाधनों का बेहतर प्रबंधन किया जा सके और सभी क्षेत्रों में आवश्यक जलापूर्ति सुनिश्चित हो सके।

जलापूर्ति में होने वाली असुविधा को लेकर महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’, जल प्रभारी दामोदर सोनी तथा नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने खेद व्यक्त किया है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि जलसंकट की स्थिति से निपटने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और जैसे ही परियट जलाशय में पर्याप्त जल उपलब्ध होगा, पूर्व की तरह सुबह और शाम दोनों समय जलापूर्ति बहाल कर दी जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post