Jabalpur News: कुख्यात बदमाश छोटू चौबे NSA के तहत भेजा गया जेल; दर्ज हैं हत्या, लूट और रंगदारी जैसे 31 संगीन मामले

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। संस्कारधानी में संगठित अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में जबलपुर पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना मदनमहल पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने दबिश देकर इलाके के कुख्यात और शातिर बदमाश छोटू चौबे उर्फ सुयश चौबे को गिरफ्तार कर लिया है। 

मुखबिर की सूचना पर स्नेह नगर के किराए के मकान में दबिश

मदनमहल थाना प्रभारी धीरज राज के मुताबिक, 10 जून 2026 को क्राइम ब्रांच को सटीक मुखबिर से सूचना मिली थी कि कई थानों में दर्ज मामलों में फरार चल रहा कुख्यात बदमाश छोटू चौबे, मदनमहल थाना क्षेत्र के स्नेह नगर स्थित एक किराए के मकान में छिपकर रह रहा है और उसके पास अवैध हथियार भी हैं।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर घमापुर थाना प्रभारी उप निरीक्षक दिनेश गौतम के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच और मदनमहल पुलिस की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से स्नेह नगर के मकान नंबर 768 (गुछइत का मकान) में दबिश दी। पुलिस को देखकर आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद टीम ने उसे दबोच लिया। जब कमरे की सघन तलाशी ली गई, तो टेबल के दराज से एक लोड की हुई अवैध पिस्टल और मैगजीन में 6 जिंदा कारतूस बरामद हुए।

दर्ज हैं हत्या, लूट और रंगदारी जैसे 31 संगीन मामले

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी छोटू चौबे (32 वर्ष) पिता चंद्रशेखर चौबे एक आदतन और बेहद क्रूर अपराधी है। उसके खिलाफ पूर्व से हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, बलवा, अवैध वसूली (रंगदारी), आर्म्स एक्ट और घर में घुसकर मारपीट व तोड़फोड़ जैसे 31 संगीन मामले दर्ज हैं। आरोपी के खौफ और आतंक के कारण क्षेत्र के आम नागरिक इस कदर डरे हुए थे कि उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने या पुलिस को सूचना देने से भी कतराते थे।

लगा NSA, भेजा गया केंद्रीय जेल

लगातार प्रतिबंधात्मक कार्रवाइयों के बाद भी छोटू चौबे के आपराधिक कृत्यों में कोई सुधार नहीं आ रहा था। उसके खुले घूमने से मानव जीवन को गंभीर खतरा देखते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) सम्पत उपाध्याय के प्रतिवेदन पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अपराध) जितेंद्र सिंह एवं नगर पुलिस अधीक्षक (कोतवाली) रीतेश कुमार शिव के मार्गदर्शन में आरोपी के खिलाफ एनएसए (NSA) का प्रकरण तैयार किया गया।

इस पर त्वरित संज्ञान लेते हुए जिला दण्डाधिकारी (कलेक्टर) राघवेंद्र सिंह ने शातिर बदमाश के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (1980) के तहत गिरफ्तारी वारंट जारी कर उसे केंद्रीय जेल जबलपुर में निरूद्ध करने के आदेश दिए। मदनमहल पुलिस ने आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत अपराध क्रमांक 221/2026 दर्ज करने के साथ ही एनएसए के वारंट में भी उसकी विधिवत गिरफ्तारी की है।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

इस दुर्दांत अपराधी को दबोचने में अपराध शाखा प्रभारी शैलेष मिश्रा के निर्देशन और उप निरीक्षक दिनेश गौतम के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच के एएसआई अनिल पाण्डेय, आरक्षक सतीश दुबे, प्रदीप टेकाम, राजेश मिश्रा, राजेश मात्रे तथा थाना मदनमहल के एएसआई हल्केराम भलावी, प्रधान आरक्षक निर्मल सनोडिया, आरक्षक अभिषेक और महिला प्रधान आरक्षक सायवंती की मुख्य और सराहनीय भूमिका रही। एसपी सम्पत उपाध्याय ने पूरी टीम की पीठ थपथपाई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post