दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली अंजलि कॉलोनी (रिछाई) में गुरुवार देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सफेद रंग की एक्सिस स्कूटर पर सवार होकर आए चार नकाबपोश युवकों ने एक के बाद एक कई बम फेंक दिए। गनीमत यह रही कि इस हमले में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन बमों के फटने की तेज आवाज और धुएं के गुबार से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस के मुताबिक, हमलावरों का निशाना दरअसल एक होटल कर्मचारी का घर था, लेकिन चूक होने की वजह से बम पड़ोस में रहने वाले वकील संतोष भारती के मकान परिसर में जा गिरे।
सिविल लाइन के होटल से शुरू हुआ था विवाद
घटनाक्रम की शुरुआत गुरुवार शाम सिविल लाइन स्थित एक प्रतिष्ठित होटल से हुई। जानकारी के अनुसार, बापू नगर निवासी समर सोनकर, अरमान चौहान और उनके साथी होटल में कमरा लेकर रुके थे। आरोप है कि ये युवक नशे की हालत में होटल के भीतर जमकर हंगामा और गाली-गलौज कर रहे थे।
जब होटल कर्मचारी मट्टू समद ने उन्हें रोकने और शांत रहने का प्रयास किया, तो आरोपी भड़क गए। उन्होंने मट्टू पर बेल्ट से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। होटल के अन्य स्टाफ ने बीच-बचाव कर किसी तरह आरोपियों को बाहर निकाला। जाते-जाते बदमाश कर्मचारी मट्टू को जान से मारने की धमकी दे गए। इस संबंध में होटल प्रबंधन द्वारा सिविल लाइन थाने में शिकायत भी दर्ज कराई गई थी।
बदला लेने देर रात पहुंचे बदमाश
विवाद के बाद रात करीब 11:30 बजे कर्मचारी मट्टू समद ड्यूटी खत्म कर रिछाई स्थित अंजलि कॉलोनी में अपने घर पहुंचा था। इसके कुछ ही देर बाद (करीब 11:50 बजे) बदमाश उसका पीछा करते हुए वहां पहुंच गए। आरोपियों ने मट्टू के घर को निशाना बनाकर बम फेंके, जो चूक कर बगल में स्थित एडवर्टाइजिंग/अधिवक्ता संतोष भारती के अहाते में गिरे और जोरदार धमाके के साथ फट गए। धमाकों की आवाज सुनकर स्थानीय लोग घरों से बाहर निकल आए, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
सीसीटीवी में कैद हुए आरोपी, तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही सीएसपी सतीश साहू और रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने अंजलि कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले।
फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की शिनाख्त बापू नगर निवासी समर, हर्ष, अरमान और उनके एक अन्य साथी के रूप में की है। रांझी थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।
Tags
jabalpur
