दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। अंजलि कॉलोनी में वकील के घर हुई बमबाजी की घटना के बाद अब रांझी मढ़ई स्थित अंग्रेजी और देसी शराब दुकान को निशाना बनाया गया है। यहां देर शाम मोटर साइकिल पर सवार होकर आए अज्ञात बदमाशों ने दुकान पर जलता हुआ बम पटका और पलक झपकते ही मौके से फरार हो गए।
बम का धमाका इतना जोरदार था कि दुकान के सामने सुरक्षा के लिए लगी लोहे की जाली फट गई और अंदर रखा कुछ सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया। इस हमले से दुकान के कर्मचारियों और आसपास के राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई वारदात
घटना के संबंध में बताया जाता है कि शराब दुकान के ठीक सामने लगे बिजली के खंभे पर सीसीटीवी कैमरा स्थापित है। इस कैमरे में पूरी वारदात और बाइक सवार बदमाशों का मूवमेंट कैद हो गया है। धमाके की आवाज सुनते ही आसपास के लोग जमा हो गए, जिन्होंने तुरंत स्थानीय पुलिस को मामले की सूचना दी।
दहशत फैलाने की कोशिश, संदेहियों की तलाश तेज
सूचना मिलते ही रांझी थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने दुकान और आसपास के सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में ले लिए हैं। रांझी पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिक तौर पर यह क्षेत्र में दहशत और खौफ फैलाने की नीयत से किया गया कृत्य नजर आ रहा है। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे बाइक के नंबर और हुलिए के आधार पर संदेहियों की पहचान की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Tags
jabalpur

.jpeg)