Jabalpur News: न्यू कंचनपुर इलाके में सनसनी, बंद मकान में मिली महिला की संदिग्ध लाश, पति फरार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। अधारताल थाना अंतर्गत न्यू कंचनपुर इलाके में शुक्रवार को उस वक्त भारी सनसनी फैल गई, जब एक बंद मकान से एक महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया गया। घटना की खबर मिलते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने जब कमरे का दरवाजा खुलवाया, तो अंदर का नजारा देख हर कोई दंग रह गया। किचन के अंदर मृतिका नेहा सिंह की लाश पड़ी हुई थी।

इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि मृतिका के गले में दुपट्टा बंधा हुआ था और उस दुपट्टे का दूसरा सिरा ऊपर सीलिंग फैन (पंखे) से लटका हुआ मिला। यह परिस्थिति प्रथम दृष्टया मामले को बेहद गंभीर और संदेहास्पद बना रही है। शव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तत्काल उसे अपने कब्जे में लिया और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज रवाना कर दिया।

मृतिका का पति मयंक सिंह मौके से लापता है। बताया जा रहा है कि मयंक अधारताल स्थित एक चॉकलेट फैक्ट्री में काम करता है। वारदात के बाद से उसका अचानक गायब हो जाना पुलिस के शक की सुई को सीधे उसकी ओर घुमा रहा है। स्थानीय लोगों में भी इस बात को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं।

अधारताल थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार ने बताया कि शुक्रवार को पुलिस को सूचना मिली थी कि न्यू कंचनपुर स्थित एक मकान से तेज दुर्गंध आ रही है। वहीं, उक्त मकान में रहने वाले पति-पत्नी पिछले कुछ समय से दिखाई नहीं दे रहे हैं। सूचना की तस्दीक के लिए पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और दरवाजा खुलवाया गया, जिसके बाद भीतर महिला की लाश मिली, जबकि उसका पति गायब था।

थाना प्रभारी के मुताबिक, शव धीरे-धीरे डीकंपोज (डिस्पोज) होने लगा था, जिसके कारण ऊपरी तौर पर शरीर पर कोई स्पष्ट चोट के निशान नजर नहीं आ रहे हैं। पुलिस फिलहाल फरार पति मयंक सिंह को मुख्य संदिग्ध मानकर उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और पति के पकड़े जाने के बाद ही इस अंधे कत्ल या खुदकुशी के रहस्य से पूरी तरह पर्दा उठ सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से सूक्ष्मता से जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post