दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहपुरा-भिटौनी ऑयल प्लांट से निकलने वाले पेट्रोल-डीजल से भरे टैंकरों से चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए क्राइम ब्रांच और भेड़ाघाट थाना पुलिस ने दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया पेट्रोल-डीजल, टैंकर और चोरी में इस्तेमाल होने वाले विभिन्न उपकरण बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार शहपुरा स्थित ऑयल प्लांट से प्रतिदिन बड़ी संख्या में पेट्रोल और डीजल से भरे टैंकर विभिन्न पेट्रोल पंपों के लिए रवाना होते हैं। लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ चालक सुनसान स्थानों पर टैंकर खड़े कर उनमें से ईंधन निकालकर अवैध रूप से बेच रहे हैं। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने निगरानी बढ़ाई थी।
भेड़ाघाट थाना प्रभारी कमलेश चौरिया ने बताया कि क्राइम ब्रांच और थाना पुलिस की संयुक्त टीम बुधवार को क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम पडुआ में मुन्ना पटेल के घर के पीछे रास्ते में इंडियन ऑयल कंपनी का टैंकर क्रमांक एमपी 13 जेडजे 0908 खड़ा है और उसमें से पेट्रोल-डीजल निकाला जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दो व्यक्तियों को पकड़ लिया। पूछताछ में टैंकर के ऊपर चढ़कर तेल निकाल रहे व्यक्ति ने अपना नाम राजेश यादव (35 वर्ष), निवासी सिरमौर जिला रीवा बताया, जबकि नीचे गैलनों में तेल भर रहे व्यक्ति ने अपना नाम मुकेश सेन (34 वर्ष), निवासी सुहागी, अधारताल बताया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी राजेश यादव ने बताया कि वह टैंकर चालक है। उसने भिटौनी-शहपुरा ऑयल प्लांट से 10 हजार लीटर पेट्रोल और 4 हजार लीटर डीजल भरकर रानीताल चौक स्थित आईयूसी पेट्रोल पंप के लिए टैंकर रवाना किया था। रास्ते में उसने अपने साथी मुकेश सेन के साथ मिलकर ग्राम पडुआ में टैंकर खड़ा किया और उससे पेट्रोल-डीजल चोरी करना शुरू कर दिया।
आरोपियों ने टैंकर का ढक्कन खोलने के लिए रिपिट खोलने की मशीन, हथौड़ी, पेचकस और प्लास्टिक की सटक का इस्तेमाल किया। इसके बाद कुप्पी चुंगी की सहायता से ईंधन निकालकर गैलनों में भरा गया।
पुलिस ने मौके से पांच गैलनों में भरा हुआ पेट्रोल-डीजल बरामद किया। इनमें दो गैलनों में लगभग 50 लीटर पेट्रोल तथा तीन गैलनों में करीब 85 लीटर डीजल पाया गया। कुल मिलाकर करीब 135 लीटर ईंधन चोरी किया गया था।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान इंडियन ऑयल कंपनी का टैंकर, पेट्रोल-डीजल से भरे पांच गैलन, दो चुंगी, चार रिपिट, रिपिट खोलने की मशीन, प्लास्टिक की सटक, हथौड़ी, पेचकस, बाल्टियां, दो मोबाइल फोन तथा टैंकर की चाबियां जब्त कर ली हैं।
भेड़ाघाट थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 287, 303(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा 3(7) आवश्यक वस्तु अधिनियम (ईसी एक्ट) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।
Tags
jabalpur
