दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) दमोह। जिले के पथरिया थाना क्षेत्र के नंदरई गांव में गुरुवार शाम तेज बारिश के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। आकाशीय बिजली एक मकान पर गिरने से घर में मौजूद दो वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसकी 58 वर्षीय नानी गंभीर रूप से झुलस गईं। घायल महिला का जिला अस्पताल में इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 7 बजे नंदरई गांव निवासी गोलू आदिवासी के घर पर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। उस समय गोलू की बहन अपनी दो वर्षीय बेटी देवांशी (पिता- राजेश गौंड) के साथ घर पर मौजूद थीं। बिजली गिरते ही मासूम देवांशी उसकी चपेट में आ गई और बेहोश हो गई, जबकि उसकी नानी केशरानी (58) गंभीर रूप से झुलस गईं।
परिजन दोनों को तत्काल पथरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद देवांशी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, केशरानी की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल दमोह रेफर कर दिया गया।
जिला अस्पताल के ड्यूटी डॉक्टर चक्रेश चौधरी ने बताया कि आकाशीय बिजली से झुलसी महिला का उपचार जारी है और फिलहाल उनकी हालत स्थिर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलने पर पटवारी हरिशंकर सोनी मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लेकर रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को भेज दी है। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।
Tags
madhya pradesh
