MP News: ऑनलाइन गेमिंग और सट्टे के कर्ज से परेशान युवक ने खाया जहर, जिला अस्पताल में इलाज जारी

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) दमोह। दमोह जिले के हटा थाना क्षेत्र में ऑनलाइन गेमिंग और सट्टे के कर्ज से परेशान एक 32 वर्षीय युवक ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या का प्रयास किया। युवक को पहले हटा सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद दमोह जिला अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत अब सामान्य है।

जानकारी के अनुसार, हटा के चंडी जी वार्ड निवासी विकास पिता कुंदन कुमार (32) ने गुरुवार दोपहर सेलपास पाउडर पी लिया। युवक ने बताया कि वह सट्टे और मोबाइल ऐप के जरिए लिए गए कर्ज के बोझ से मानसिक तनाव में था।

पीड़ित का आरोप है कि उसने राजेश मांझी और मुन्ना अठ्या को करीब 2 लाख रुपए चुका दिए हैं, लेकिन उससे 1 लाख रुपए की और मांग की जा रही थी। पिछले दो सप्ताह से लगातार पैसे के लिए दबाव और परेशान किए जाने के कारण उसने यह कदम उठा लिया।

जहरीला पदार्थ खाने के बाद युवक की तबीयत बिगड़ने लगी और उल्टियां होने पर परिजन उसे हटा सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां से डॉक्टरों ने उसे दमोह जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

जिला अस्पताल के ड्यूटी डॉक्टर डॉ. चक्रेश चौधरी ने बताया कि युवक ने सेलपास पाउडर पीने की जानकारी दी है। समय पर उपचार मिलने से उसकी हालत में सुधार है और वह अब खतरे से बाहर है।

घटना की सूचना हटा पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post