MP News: 1 लाख की रिश्वत लेते सेवानिवृत्त निरीक्षक गिरफ्तार, 4 लाख मांगने का आरोप

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। राजधानी भोपाल में लोकायुक्त पुलिस ने गुरुवार को नापतौल विभाग से जुड़े कथित रिश्वतखोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सेवानिवृत्त निरीक्षक को 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। लोकायुक्त के अनुसार, यह रिश्वत नापतौल कार्यालय के प्रभारी उप नियंत्रक एवं निरीक्षक नसीमुद्दीन के कहने पर ली जा रही थी। मामले में कुल 4 लाख रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है।

लोकायुक्त पुलिस को एमपी नगर जोन-2 स्थित बीपी भोपाल सिटी पेट्रोल पंप के संचालक अमित सिंह बघेल ने 24 जून को शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि विभागीय जांच के दौरान पेट्रोल पंप के तीन नोजल बंद कर दिए गए थे और एक प्रकरण दर्ज किया गया था। आरोप है कि इस मामले के निराकरण और मशीनों की स्टैंपिंग कराने के एवज में प्रभारी उप नियंत्रक नसीमुद्दीन ने 4 लाख रुपये की रिश्वत मांगी।

शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार पाटीदार के निर्देशन में ट्रैप टीम का गठन किया गया। योजना के तहत शिकायतकर्ता को रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 1 लाख रुपये लेकर भेजा गया।

बोर्ड ऑफिस चौराहे के पास स्थित इंडियन कॉफी हाउस में जैसे ही सेवानिवृत्त निरीक्षक हरिप्रसाद पटेल ने रिश्वत की रकम ली, पहले से तैनात लोकायुक्त टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हरिप्रसाद पटेल, प्रभारी उप नियंत्रक नसीमुद्दीन के कहने पर रिश्वत लेने पहुंचा था। लोकायुक्त पुलिस दोनों आरोपियों की भूमिका की गहन जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post