Jabalpur News: बेन मोहल्ला में चले चाकू, भाई को बचाने आई बहन का भी बदमाशों ने फोड़ा सिर

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
शहर के गोरखपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर के बेन मोहल्ला में शनिवार देर रात शराब के लिए पैसे मांगने और मना करने पर एक युवक और उसकी बहन पर चाकू व लात-घूंसों से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

रास्ते में घेरकर अड़ाया चाकू, मांगी अड़ी

गोरखपुर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बेन मोहल्ला रामपुर निवासी 25 वर्षीय बिज्जू बेन, जो कि मजदूरी का काम करता है, शनिवार रात करीब 11:30 बजे काम खत्म कर अपने घर लौट रहा था। जैसे ही वह बेन मोहल्ला मोड़ मैदान के पास पहुंचा, वहां पहले से घात लगाए बैठे अंकित, मंगू, अनुराग और मिंटू ने उसे रोक लिया। आरोपी अंकित ने बिज्जू पर चाकू अड़ा दिया और सभी मिलकर शराब पीने के लिए पैसों (अड़ी) की मांग करने लगे।

बचाव करने आई बहन को भी पीटा, सिर पर आई चोट

जब बिज्जू ने पैसे देने से साफ मना किया, तो आरोपी आगबबूला हो गए और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर मंगू, अनुराग और मिंटू ने उसे बेरहमी से लात-मुक्कों से पीटना शुरू कर दिया, वहीं अंकित ने हाथ में लिए चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर बिज्जू के माथे, जांघ और कमर पर गंभीर चोटें पहुंचा दीं। भाई की चीख-पुकार सुनकर जब उसकी बहन रोशनी बीच-बचाव करने दौड़ी, तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की, जिससे रोशनी के सिर और हाथ की उंगली में गंभीर चोटें आई हैं।

जान से मारने की धमकी देकर भागे आरोपी, मामला दर्ज

वारदात को अंजाम देने के बाद चारों आरोपी भाई-बहन को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घायल अवस्था में पीड़ित थाने पहुंचे और मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। गोरखपुर थाना पुलिस ने पीड़ित बिज्जू बेन की शिकायत पर आरोपी अंकित, मंगू, अनुराग और मिंटू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(बी), 115(2), 118(1), 119(1), 351(3) और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post