Jabalpur News: मृत महिला को जिंदा दिखाकर 76 लाख की जमीन ठगी, दो फरार आरोपियों पर 4-4 हजार रुपये का इनाम

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। मृत महिला को कागजों में जीवित दिखाकर उसकी जमीन का फर्जी सौदा कर 76 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में पुलिस ने फरार दो आरोपियों पर चार-चार हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने इनाम घोषित करने के आदेश जारी किए हैं।

पुलिस के अनुसार इनामी आरोपियों में राकेश गुप्ता निवासी शांति नगर, गोहलपुर और लखन नायक निवासी माढ़ोताल शामिल हैं। दोनों पर एक व्यापारी से फर्जी दस्तावेजों के जरिए जमीन का सौदा कर लाखों रुपये की ठगी करने का आरोप है।

जांच में सामने आया कि जवाहरगंज बड़ा फुहारा निवासी व्यापारी दीपक कुमार टिबरेवाला (57) का संपर्क राकेश गुप्ता और लखन नायक से हुआ था। आरोपियों ने अधारताल क्षेत्र के ग्राम ओरिया स्थित 37,660 वर्गफीट जमीन का सौदा कराने का झांसा दिया। यह जमीन फूलमती के नाम दर्ज थी, लेकिन आरोपियों ने कमला सेन को ही फूलमती बताकर उसकी फर्जी पहचान प्रस्तुत की और व्यापारी से 76 लाख रुपये ले लिए।

बाद में जांच में खुलासा हुआ कि वास्तविक फूलमती की पहले ही मृत्यु हो चुकी थी और उसके नाम पर फर्जी तरीके से जमीन का सौदा किया गया। मामले में कमला सेन के खिलाफ भी माढ़ोताल थाने में धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज है।

 पुलिस अधीक्षक ने अन्य फरार आरोपियों पर भी इनाम घोषित किया है। बेलखेड़ा थाना क्षेत्र के हेमराज लोधी उर्फ लक्खू और चरण सिंह लोधी पर 10-10 हजार रुपये, मदन महल थाना क्षेत्र के हर्ष यादव और श्रीकांत राय पर 5-5 हजार रुपये, जबकि हनुमानताल थाना क्षेत्र के विक्की बंशकार, शिवा सोनकर तथा बेलबाग थाना क्षेत्र के सत्यम कुशवाहा पर 4-4 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post