दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी के महज तीन दिन बाद एक नवविवाहिता रहस्यमय तरीके से लापता हो गई। पीड़ित पति का आरोप है कि उसकी पत्नी करीब 3 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर पहनकर ब्यूटी पार्लर गई थी और वहीं से चकमा देकर रफूचक्कर हो गई। परेशान पति ने पुलिस से गुहार लगाते हुए कहा है, "मैं बाहर बैठा रहा, वो किस रास्ते से निकली पता नहीं; बस उसे ढूंढ़ दीजिए।"
गोसलपुर के रहने वाले पीड़ित पति गौतम यादव (जो मजदूरी का काम करते हैं) ने बताया कि 21 जून को बरेला क्षेत्र की रहने वाली चौहानी यादव के साथ उनकी शादी हुई थी। 22 जून को विदाई के बाद दुल्हन ससुराल आई। शादी के अगले ही दिन पत्नी ने अपनी मौसी की शादी में जाने की बात कही, जिसके बाद गौतम उसे लेकर बुढ़ागर पहुंचे। वहां से पत्नी ने बंजारी माता मंदिर में पूजा करने की इच्छा जताई। बाजार पहुंचने पर पत्नी ने गेम प्लान बदला और कहा कि पहले फोटो स्टूडियो से शादी की तस्वीरें ले लेते हैं। स्टूडियो पहुंचने के बाद उसने मुझसे कहा कि वह पास के ब्यूटी पार्लर से 10 मिनट में तैयार होकर आ रही है और मुझे वहीं रुकने को कहा। मैं आधे घंटे तक बाहर बैठा इंतजार करता रहा, लेकिन वह नहीं लौटी।
3 लाख के गहने लेकर फरार होने का आरोप
पीड़ित पति के अनुसार, शादी में उसकी पत्नी को करीब 3 लाख रुपए के सोने और चांदी के आभूषण दिए गए थे। लापता होने के वक्त वह पायल, बिछिया, करधनी, मंगलसूत्र और कंगन जैसे सभी कीमती आभूषण पहने हुए थी। काफी खोजबीन और ससुराल पक्ष से संपर्क करने के बाद भी जब उसका कुछ पता नहीं चला, तो थक-हारकर मामले की शिकायत पुलिस में की गई।
बुआ के माध्यम से तय हुआ था रिश्ता
गौतम ने बताया कि बुढ़ागर में रहने वाली उनकी बुआ के माध्यम से करीब दो महीने पहले दोनों परिवारों का संपर्क हुआ था। लड़का-लड़की ने एक-दूसरे को पसंद किया था और दोनों परिवारों की रजामंदी से जून में बड़े धूमधाम से शादी संपन्न हुई थी, लेकिन सिर्फ 3 दिन में ही रिश्ता इस मोड़ पर आ जाएगा, इसकी किसी को उम्मीद नहीं थी।
दो थानों की पुलिस मिलकर कर रही तलाश
मामले की गंभीरता को देखते हुए बरेला और गोसलपुर थाने की पुलिस महिला की तलाश में जुट गई है। बरेला थाना प्रभारी संगीता सिंह ने बताया कि गौतम यादव की शिकायत पर गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया गया है। शिकायत के मुताबिक महिला 24 जून से लापता है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने और कॉल डिटेल्स के जरिए महिला की लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं (लव अफेयर या धोखाधड़ी) की जांच की जा रही है और जल्द ही सच सामने आ जाएगा।
Tags
jabalpur


