Jabalpur Breaking News लिफ्ट गिरने से महिला की दर्दनाक मौत, परिजनों का फूटा गुस्सा

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। अधारताल थाना क्षेत्र के अंतर्गत रिछाई औद्योगिक क्षेत्र में 'अनमोल नमकीन फैक्ट्री' में शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। फैक्ट्री की लिफ्ट अचानक अनियंत्रित होकर नीचे गिर गई, जिसकी चपेट में आने से वहां काम कर रही एक महिला श्रमिक की मौके पर ही मौत हो गई।

सफाई के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, जवाहर नगर (अधारताल) की रहने वाली मालती केवट (42 वर्ष) अनमोल नमकीन फैक्ट्री में सफाई कर्मचारी के रूप में काम करती थीं। शुक्रवार सुबह जब वह लिफ्ट के समीप सफाई का कार्य कर रही थीं, तभी अचानक ऊपर से भारी-भरकम लिफ्ट नीचे आ गिरी। मालती सीधे लिफ्ट की चपेट में आ गईं और गंभीर चोटें आने के कारण उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

परिजनों का फूटा गुस्सा, सुरक्षा में लापरवाही के आरोप

हादसे की खबर मिलते ही मृतका के परिजन और भारी संख्या में स्थानीय लोग रिछाई स्थित फैक्ट्री पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए जमकर हंगामा किया। परिजनों का आरोप है कि फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही थी और लिफ्ट के रखरखाव में गंभीर लापरवाही बरती गई, जिसके कारण मालती की जान गई।:हंगामे और आक्रोश को देखते हुए अधारताल थाना पुलिस तुरंत बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और स्थिति को नियंत्रण में लिया।

 पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव, जांच शुरू

अधारताल थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की प्रारंभिक जांच शुरू कर दी गई है। फैक्ट्री प्रबंधन द्वारा की गई सुरक्षा व्यवस्थाओं, लिफ्ट के मेंटेनेंस (रखरखाव) के रिकॉर्ड और हादसे के तकनीकी कारणों की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि जांच में प्रबंधन की किसी भी प्रकार की लापरवाही या सुरक्षा में चूक पाई जाती है, तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post