Jabalpur News: "तुम्हारा पति बहुत पैसे कमाता है, शराब के लिए ₹500 दो", मना करने पर महिला पर चाकू से हमला, लात-घूसों से पीटा

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के रांझी थाना क्षेत्र के मड़ई इलाके में  सब्जी लेने गई एक 25 वर्षीय महिला को तीन बदमाशों ने घेर लिया। बदमाशों ने महिला के पति की अच्छी कमाई का हवाला देकर शराब पीने के लिए ₹500 की मांग की। जब महिला ने पैसे देने से इनकार किया, तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उस पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया।

"तुम्हारा पति बहुत पैसे कमाता है, शराब के लिए ₹500 दो"

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कोलाना मोहल्ला (मड़ई) की रहने वाली श्रीमती वर्षा कोल (25 वर्ष) गुरुवार (2 जुलाई) की रात सब्जी लेने के लिए मढ़ई ऑटो स्टैंड के पास गई थीं। इसी दौरान वहां इलाके के तीन बदमाश—राज कोल, अनुज कोल और अभिषेक कोल आ धमके।

बदमाशों ने वर्षा को रोक लिया और कहा, "तुम्हारा पति कंपनी में काम करता है और बहुत पैसे कमाता है।" यह कहते हुए तीनों ने महिला से शराब पीने के लिए ₹500 की रंगदारी मांगी।

मना करने पर चाकू से वार, लात-घूसों से पीटा

जब वर्षा ने अपनी मेहनत की कमाई बदमाशों को देने से साफ मना कर दिया, तो तीनों आरोपी आपा खो बैठे और सरेराह अभद्र गाली-गलौज करने लगे। महिला ने जब गालियां देने का विरोध किया, तो आरोपी राज कोल ने पास रखा चाकू निकाला और वर्षा पर हमला कर दिया। चाकू सीधे महिला के बाएं पैर की जांघ में जा लगा, जिससे वह लहूलुहान हो गईं।

इसी बीच बाकी दो आरोपियों—अनुज कोल और अभिषेक कोल ने महिला को घेरकर हाथ-मुक्कों से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों बदमाश महिला को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

पीड़ित महिला किसी तरह रांझी थाने पहुंची और आपबीती सुनाई। पुलिस ने वर्षा कोल की रिपोर्ट पर तीनों आरोपियों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post