Jabalpur News: पैगंबर मोहम्मद पर कथित टिप्पणी का मामला, 4 दिन के विरोध प्रदर्शन के बाद सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नाजिया इलाही खान के खिलाफ FIR दर्ज

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नाजिया इलाही खान के खिलाफ पैगंबर मोहम्मद साहब पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में जबलपुर के हनुमानताल थाना पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज की है। चूंकि कथित घटना मध्य प्रदेश के बाहर की बताई जा रही है, इसलिए प्रकरण को आगे की जांच के लिए संबंधित राज्य की पुलिस को भेजा जाएगा।

पुलिस के अनुसार, यह मामला 45 वर्षीय शवाब खान की शिकायत पर दर्ज किया गया है। हनुमानताल थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की प्रासंगिक धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है। मामले की पुष्टि सीएसपी हेमंत कुमार ने की है।

नाजिया इलाही खान के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर पिछले चार दिनों से मुस्लिम समाज, अधिवक्ताओं और महाकौशल लॉ एसोसिएशन की ओर से लगातार विरोध प्रदर्शन किए जा रहे थे। गुरुवार को बड़ी संख्या में अधिवक्ता, मुस्लिम समाज के प्रतिनिधि और मुस्लिम महिलाएं पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचीं और एफआईआर दर्ज करने की मांग की। बताया जा रहा है कि विरोध प्रदर्शन और कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर देर रात जीरो एफआईआर दर्ज की गई।

महाकौशल लॉ एसोसिएशन ने एफआईआर दर्ज होने का स्वागत करते हुए इसे "सत्य और संघर्ष की जीत" बताया। संगठन ने नाजिया इलाही खान के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत कार्रवाई की मांग भी की है। वहीं गोहलपुर क्षेत्र में मुस्लिम महिलाओं ने भी विरोध प्रदर्शन कर आरोप लगाया कि कथित टिप्पणी से धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। प्रदर्शनकारियों ने मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। शिकायतकर्ताओं का दावा है कि नाजिया इलाही खान के खिलाफ मुंबई, बरेली और मुरादाबाद सहित देश के विभिन्न शहरों में भी पहले से कई प्रकरण दर्ज हैं। 

पुलिस का कहना है कि जीरो एफआईआर दर्ज करने के बाद आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। इसके बाद प्रकरण की केस डायरी संबंधित अधिकार क्षेत्र की पुलिस को भेजी जाएगी, जहां आगे की जांच और वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post