चलते ई-रिक्शा रोकने वाले 3 चाइनीज ऐप पर सरकार की सख्ती, ब्लूटूथ से बैटरी बंद कर रहे थे बदमाश

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नई दिल्ली। ई-रिक्शा चालकों के लिए राहत भरी खबर है। केंद्र सरकार ने चलती ई-रिक्शा की बैटरी को ब्लूटूथ के जरिए बंद करने में इस्तेमाल हो रहे तीन चीनी मोबाइल ऐप्स के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें ऐप स्टोर से हटाने के निर्देश दिए हैं। इन ऐप्स में BAT-BMS, Losigi और Epoch Li-ion शामिल हैं।

हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल हुए थे, जिनमें कुछ लोग ब्लूटूथ के जरिए चलते ई-रिक्शा की बैटरी डिस्कनेक्ट कर वाहन को बीच सड़क में रोकते नजर आए। इस तरह की घटनाओं के बाद आईटी मंत्रालय ने कार्रवाई की है। हालांकि, कुछ प्लेटफॉर्म पर ये ऐप्स अभी भी दिखाई दे रहे हैं।

कैसे हो रहा था दुरुपयोग?

विशेषज्ञों के मुताबिक, कुछ ई-रिक्शा में लगी लीथियम-आयन बैटरियों के ब्लूटूथ बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम (BMS) में पर्याप्त सुरक्षा नहीं थी। यदि ब्लूटूथ बिना पासवर्ड या कमजोर पासवर्ड के खुला छोड़ दिया जाता था, तो कोई भी व्यक्ति 10 से 15 मीटर की दूरी से मोबाइल ऐप के जरिए बैटरी से कनेक्ट होकर उसे बंद कर सकता था।

सभी इलेक्ट्रिक वाहन खतरे में नहीं

यह खतरा केवल उन्हीं ई-रिक्शा पर है, जिनमें ब्लूटूथ सपोर्ट वाली लीथियम बैटरी लगी है और उसका बीएमएस सुरक्षित नहीं है। पुरानी लेड-एसिड बैटरी वाले ई-रिक्शा और मजबूत सुरक्षा व एन्क्रिप्शन वाले इलेक्ट्रिक कार, स्कूटर या अन्य ई-व्हीकल इस तरह के ऐप से प्रभावित नहीं होते।

कंपनी ने किस उद्देश्य से बनाया था ऐप?

जानकारी के अनुसार, इन ऐप्स को मूल रूप से लीथियम बैटरियों की निगरानी, चार्जिंग, तापमान और अन्य तकनीकी जानकारियां देखने के लिए विकसित किया गया था। इनमें मौजूद डिस्चार्ज ऑन/ऑफ फीचर रखरखाव और सुरक्षा के लिए था, लेकिन भारत में कुछ लोगों ने इसका गलत इस्तेमाल शुरू कर दिया।

सुरक्षा में चूक के लिए कौन जिम्मेदार?

विशेषज्ञों का कहना है कि स्थानीय स्तर पर बैटरी असेंबल करने वाले, कुछ डीलर और कम लागत वाली बैटरी बनाने वाली कंपनियां बिना पासवर्ड वाले बीएमएस के साथ बैटरियां बेच रही थीं। यही सबसे बड़ी सुरक्षा खामी बनी।

ई-रिक्शा चालकों के लिए जरूरी सलाह

- अपनी बैटरी का ब्लूटूथ कनेक्शन पासवर्ड से सुरक्षित है या नहीं, इसकी जांच कराएं।
- यदि डिफॉल्ट पासवर्ड (जैसे 1234 या 0000) लगा है तो उसे तुरंत बदलें।
- यदि वाहन अचानक बंद हो जाए तो घबराएं नहीं, सुरक्षित स्थान पर वाहन रोककर बैटरी का मुख्य स्विच (MCB) बंद कर दोबारा चालू करें।

सरकार का मानना है कि इस कार्रवाई से ई-रिक्शा चालकों की सुरक्षा बढ़ेगी और ब्लूटूथ के जरिए वाहनों को रोकने जैसी घटनाओं पर रोक लगेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post