दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) अयोध्या। राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) ने पहली बार आधिकारिक प्रतिक्रिया दी है। संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने कहा कि रामलला के दानपात्रों से चढ़ावे की चोरी बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है, जिससे करोड़ों रामभक्तों की आस्था और श्रद्धा को गहरी ठेस पहुंची है। उन्होंने कहा कि एसआईटी जांच में जो भी दोषी पाए जाएं, उन्हें कठोर दंड मिलना चाहिए और मंदिर ट्रस्ट को प्रबंधन व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनानी चाहिए।
होसबाले ने कहा कि भव्य राम मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं के समर्पण, त्याग और बलिदान से बना है। ऐसे में वित्तीय प्रबंधन और संचालन व्यवस्था धर्मसम्मत, पारदर्शी और भरोसेमंद होना जरूरी है, ताकि भक्तों का विश्वास कायम रहे। उन्होंने सभी हिंदुओं से अपील की कि वे धैर्य और संयम बनाए रखें तथा इस घटना के बहाने समाज को बदनाम करने की कोशिशों को सफल न होने दें।
इस बीच भाजपा नेता विनय कटियार ने दावा किया कि मामले में पैसों का गबन हुआ है और इस संबंध में उनकी प्रधानमंत्री से भी बातचीत हुई। हालांकि बाद में उन्होंने ट्रस्ट के पदाधिकारियों के जेल जाने संबंधी अपने बयान से दूरी बना ली।
उधर, स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) लगातार दूसरे दिन भी राम मंदिर परिसर पहुंचकर जांच में जुटी रही। सूत्रों के अनुसार टीम ने ट्रस्ट से जुड़े गोपाल राव से पूछताछ की। वहीं पुलिस ने आरोपी अविनाश शुक्ला को जेल से हिरासत में लेकर करीब दो घंटे पूछताछ की और फिर उसे प्रतापगढ़ ले गई। पुलिस को शक है कि चढ़ावे में आए सोने-चांदी के जेवर और नकदी अलग-अलग स्थानों पर छिपाई गई है, जिसकी बरामदगी के लिए कार्रवाई की जा रही है।
जांच में यह भी सामने आया कि अविनाश शुक्ला के किराए के कमरे से करीब 20 लाख रुपये नकद, 1121 अमेरिकी डॉलर, सोने-चांदी के आभूषण और 'रामराज्य कोष' लिखा एक बक्सा बरामद हुआ था।
इधर, अयोध्या विकास प्राधिकरण (ADA) ने आरोपी लवकुश मिश्रा और अनुकल्प मिश्रा के मकानों पर बुलडोजर कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। हालांकि लवकुश मिश्रा की पत्नी सुप्रिया मिश्रा ने दावा किया कि उन्हें कोई नोटिस नहीं मिला है और उनके मकान का नक्शा विधिवत स्वीकृत है।
मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। विपक्षी दलों ने उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग की है, जबकि सरकार और भाजपा नेताओं का कहना है कि एसआईटी निष्पक्ष जांच कर रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
Tags
national
