गुजरात-एमपी से जैश-ए-मोहम्मद के 8 संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार, गुजरात में नेटवर्क खड़ा करने की थी साजिश

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) अहमदाबाद। गुजरात एटीएस ने आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से जुड़े 8 संदिग्ध आतंकियों को गुजरात और मध्य प्रदेश से गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के मुताबिक सभी आरोपियों को अलग-अलग जिलों से पकड़ा गया है। इनमें दो की उम्र महज 18 और 19 वर्ष है। सभी से गहन पूछताछ की जा रही है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी गुजरात में जैश-ए-मोहम्मद का सक्रिय नेटवर्क खड़ा करने की कोशिश कर रहे थे, ताकि भविष्य में आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम दिया जा सके। एटीएस अब इनके संपर्कों, फंडिंग और संभावित मॉड्यूल की जांच कर रही है।

जैश-ए-मोहम्मद पाकिस्तान आधारित प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन है, जिसकी स्थापना वर्ष 2000 में आतंकी मसूद अजहर ने की थी। संगठन का मुख्यालय पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के बहावलपुर में है और उस पर भारत सहित कई देशों में बड़े आतंकी हमलों की साजिश और उन्हें अंजाम देने के आरोप हैं।

मसूद अजहर को वर्ष 1994 में जम्मू-कश्मीर में गिरफ्तार किया गया था, लेकिन दिसंबर 1999 में इंडियन एयरलाइंस की फ्लाइट IC-814 के अपहरण के बाद बंधकों की रिहाई के बदले भारत सरकार ने उसे रिहा कर दिया था।

गौरतलब है कि इससे पहले 21 अप्रैल 2026 को भी गुजरात एटीएस ने ISIS से जुड़े दो संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया था। जांच एजेंसी के अनुसार, दोनों सोशल मीडिया के जरिए कट्टरपंथी विचारधारा से प्रभावित होकर देश में आतंकी नेटवर्क तैयार करने और युवाओं की भर्ती की साजिश रच रहे थे। दोनों आरोपियों को अदालत ने 11 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा था।

Post a Comment

Previous Post Next Post