दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) पुणे। केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच में एक और बड़ा खुलासा सामने आया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बीड से एक युवक को हिरासत में लिया गया है, जिसे कथित तौर पर केतन की हत्या की साजिश की पहले से जानकारी थी। दावा है कि आरोपी सिया गोयल और चेतन चौधरी ने उससे मर्डर प्लान साझा किया था। फिलहाल पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है और उसे मामले में गवाह भी बनाया जा सकता है।
जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी चेतन चौधरी और सिया गोयल ने वारदात से पहले टीवी शो 'क्राइम पेट्रोल' के कई एपिसोड देखे थे। पुलिस का मानना है कि दोनों ने हत्या के बाद जांच एजेंसियों से बचने और सबूत छिपाने के तरीके समझने के लिए ऐसा किया था।
गौरतलब है कि 18 जून को लोहगढ़ किले से गिरने के बाद 25 वर्षीय केतन अग्रवाल की मौत हो गई थी। पुलिस जांच के अनुसार, केतन सिया और चेतन के रिश्ते में बाधा बन रहा था, इसलिए दोनों ने मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची। मामले में स्थानीय अदालत ने सिया गोयल और चेतन चौधरी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
जांच के दौरान पुलिस सिया गोयल को उसके घर और उन स्थानों पर भी लेकर गई, जहां कथित तौर पर हत्या से पहले रिहर्सल की गई थी। पुलिस ने उसके घर से घटना के दिन पहने गए कपड़े और कई डिजिटल सबूत भी जब्त किए हैं।
पुलिस की जांच के मुताबिक, हत्या की साजिश 31 मई को बनी थी। 14 जून को सिया ने पहली बार केतन को पहाड़ी से धक्का देने की कोशिश की, लेकिन वह बच गया। इसके बाद 18 जून को लोहगढ़ किले पर सिया और चेतन ने कथित तौर पर मिलकर केतन को पीछे से धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले में सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
Tags
national
