MP News: जिला पंचायत के पास दो सांडों की भिड़ंत से मचा हड़कंप, जान बचाकर भागे राहगीर

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) मंडला। मंडला शहर में आवारा मवेशियों की समस्या एक बार फिर गंभीर रूप में सामने आई है। सोमवार को जिला पंचायत कार्यालय के पास दो बेकाबू सांड आपस में भिड़ गए, जिससे सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों सांड सड़क पर लड़ते हुए वाहनों की ओर बढ़ते दिखाई दे रहे हैं।

राहगीरों और वाहन चालकों में मची भगदड़

सांडों की भिड़ंत के दौरान वाहन चालकों और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। लोग अपनी गाड़ियों को नुकसान से बचाने के लिए पीछे हटते नजर आए, जबकि कई राहगीर और बाइक सवार जान बचाने के लिए सड़क छोड़कर भाग गए। घटना के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित रहा और सड़क पर जाम की स्थिति बन गई।

आवारा मवेशियों से लगातार बढ़ रहा खतरा

शहर की मुख्य सड़कों पर बड़ी संख्या में आवारा गाय और सांड घूमते रहते हैं, जिससे आए दिन ट्रैफिक जाम और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या की शिकायत कई बार नगर पालिका से की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।

जून में मवेशी के हमले में गई थी बुजुर्ग की जान

गौरतलब है कि जून माह में सुभाष वार्ड स्थित दुर्गा मंदिर के पास एक बुजुर्ग की आवारा मवेशी के हमले में मौत हो गई थी। इसके बावजूद नगर पालिका द्वारा सड़कों से आवारा पशुओं को हटाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

नगर पालिका से कार्रवाई की मांग

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सरकार और न्यायालय के निर्देशों के बावजूद शहर की सड़कों को आवारा पशुओं से मुक्त नहीं कराया जा रहा है। उन्होंने नगर पालिका से तत्काल अभियान चलाकर आवारा मवेशियों को सड़कों से हटाने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post