दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) दमोह। दमोह जिले की देहात थाना क्षेत्र स्थित जबलपुर नाका चौकी प्रभारी प्रियंका पटेल का वर्दी में बनाया गया एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हलचल मच गई है। वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।
वीडियो में चौकी प्रभारी प्रियंका पटेल पुलिस की वर्दी पहनकर कुर्सी पर बैठी दिखाई दे रही हैं। वीडियो पर लिखा है, "खुद की समस्याएं सुलझ नहीं रही और नौकरी दूसरों की समस्या सुलझाने वाली कर ली।" हालांकि यह वीडियो कब बनाया गया, इसकी पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।
ASP बोले- जांच के बाद होगी कार्रवाई
एडिशनल एसपी सुजीत सिंह भदोरिया ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच के निर्देश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि पुलिस मुख्यालय की ओर से अधिकारियों और कर्मचारियों को सोशल मीडिया के उपयोग में संयम बरतने के निर्देश दिए गए हैं। वर्दी में ऐसी रील या फोटो, जिससे अनुशासनहीनता का संदेश जाए, स्वीकार्य नहीं है। यदि वीडियो व्यक्तिगत कार्यक्रम का भी हो, तब भी वर्दी में उसका वायरल होना आपत्तिजनक माना जाएगा।
चार साल में चार बार बदली पदस्थापना
प्रियंका पटेल करीब चार महीने पहले ही जबलपुर नाका चौकी प्रभारी बनाई गई हैं। इससे पहले वह दमोह कोतवाली में पदस्थ थीं, जहां से उनका तबादला पुलिस लाइन किया गया। पिछले वर्ष उन्हें गैसाबाद थाना प्रभारी बनाया गया था और बाद में वहां से हटाकर जबलपुर नाका चौकी की जिम्मेदारी सौंपी गई। जानकारी के अनुसार उनका एक बेटा भी है।
सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना मामला
वर्दी में बनाई गई इस रील के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। फिलहाल पुलिस विभाग पूरे मामले की जांच कर रहा है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Tags
madhya pradesh
