दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नई दिल्ली। देशभर में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है और कई राज्यों में भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। सबसे ज्यादा असर महाराष्ट्र में देखने को मिला, जहां लगातार तीन दिन से हो रही बारिश के कारण सड़क, रेल और हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। सातारा जिले के महाबलेश्वर में वेण्णा नदी पर बना पुल टूट गया, जिससे कई पर्यटक फंस गए। प्रशासन ने क्रेन की मदद से कारों को सुरक्षित बाहर निकाला।
मुंबई-पुणे रेल मार्ग पर करजत-लोनावला के भोर घाट सेक्शन में दो स्थानों पर भूस्खलन होने से तीनों रेलवे लाइनें प्रभावित हुईं और 20 ट्रेनें रद्द करनी पड़ीं। मुंबई-पुणे एक्सप्रेस-वे पर भी लैंडस्लाइड के कारण यातायात रोक दिया गया। मुंबई में भारी जलभराव के चलते बीएमसी ने सभी सरकारी और निजी स्कूल-कॉलेजों में अवकाश घोषित किया, जबकि निजी कार्यालयों को वर्क फ्रॉम होम की सलाह दी गई। खराब मौसम के कारण मुंबई एयरपोर्ट पर 17 उड़ानें रद्द और 217 उड़ानें विलंबित रहीं।
महाराष्ट्र में भारी बारिश से जुड़े हादसों में अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है। पुणे के मावल क्षेत्र में भूस्खलन से एक मकान मलबे में दब गया, जहां तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। रत्नागिरी में मुंबई-गोवा हाईवे का एक हिस्सा धंसने से यातायात बंद करना पड़ा, जबकि पालघर और वसई-विरार के कई इलाकों में रेलवे ट्रैक और सड़कें पानी में डूब गईं।
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में भारी बारिश के बाद हुए भूस्खलन में कई वाहन मलबे में दब गए। राहत और बचाव कार्य जारी है। वहीं हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में चलती कार पर पहाड़ी से पत्थर गिरने से 14 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। कुल्लू में पागल नाले में आई बाढ़ से हाईवे बंद हो गया।
मध्य प्रदेश में लगातार बारिश के चलते उज्जैन में क्षिप्रा नदी का जलस्तर बढ़ने से रामघाट के पास कई मंदिर जलमग्न हो गए हैं। प्रदेश के 23 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। राजस्थान, उत्तराखंड, बिहार, पंजाब, हरियाणा, गुजरात और छत्तीसगढ़ में भी तेज बारिश, बाढ़ और जलभराव की स्थिति बनी हुई है। गुजरात के अमरेली और ऊना क्षेत्र में कई गांवों का संपर्क टूट गया, जबकि छत्तीसगढ़ में बाढ़ में फंसे श्रद्धालुओं का सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार मानसून अब पूरे देश को कवर करने की स्थिति में है। अगले दो दिनों में उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, आंध्र प्रदेश, असम, मेघालय, सिक्किम, गोवा, तेलंगाना और कर्नाटक समेत कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।
Tags
national
