Jabalpur News: कुख्यात बदमाश छोटू चौबे के गुर्गे पर जानलेवा हमला करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने निकाला जुलुस; देखे वीडियो

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। कुख्यात बदमाश छोटू चौबे के गुर्गे 24 वर्षीय कमरान अली पर हुए जानलेवा हमले के मामले में तिलवारा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अमन कोल, चंद्रभान वर्मा उर्फ बहत्तर सिंह और विशाल ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू और इनोवा कार भी जब्त कर ली है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, 2 जुलाई की देर रात नया मोहल्ला निवासी  कमरान अली अपने साथी राहुल शर्मा के साथ शेरे पंजाब ढाबा तिलवारा से खाना खाकर स्कूटी से लौट रहा था। जैसे ही दोनों तिलवारा पुल पर पहुंचे, तभी दो कारों में सवार अमन कोल, बहत्तर सिंह, निक्की और उनके अन्य साथियों ने उनका रास्ता रोक लिया। पुरानी रंजिश को लेकर पहले दोनों के साथ मारपीट की गई, फिर अमन कोल ने चाकू से हमला कर राहुल शर्मा और कमरान अली को गंभीर रूप से घायल कर दिया।

इसके बाद आरोपी कमरान अली का जबरन अपहरण कर उसे कार में बैठाकर रांझी-खमरिया क्षेत्र ले गए। वहां डंडों, मुक्कों और चाकू से बेरहमी से हमला किया और गंभीर हालत में अस्पताल के पास छोड़कर फरार हो गए। घायल कमरान को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

छोटू चौबे के साथ कामरान अली
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। तिलवारा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी अमन कोल और चंद्रभान उर्फ बहत्तर सिंह पुराने और शातिर अपराधी हैं। अमन कोल के खिलाफ हत्या के प्रयास, अवैध वसूली, विस्फोटक अधिनियम, आयुध अधिनियम और आबकारी एक्ट सहित 16 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि चंद्रभान उर्फ बहत्तर सिंह के खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट, आयुध अधिनियम और आबकारी एक्ट समेत 15 मामले पहले से दर्ज हैं।

उल्लेखनीय भूमिका- आरोपियों को पकड़ने में थाना प्रभारी बृजेश मिश्रा के नेतृत्व में उप निरीक्षक अभिषेक कैथवास, उप निरीक्षक स्वाति शर्मा, प्रधान आरक्षक जयशंकर चौहान, पृथ्वीराज, आरक्षक राहुल सनोडिया, राजेश गुप्ता की सराहनीय भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post