दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर के कटंगी क्षेत्र स्थित निदान वॉटरफॉल में सोमवार शाम पिकनिक मनाने पहुंचे दो युवक अचानक जलस्तर बढ़ने से बीच धारा में फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
कटंगी थाना प्रभारी पूजा उपाध्याय के अनुसार, अधारताल निवासी आर्यन बर्मन (23) और कंचनपुर निवासी हर्ष शुक्ला (24) शाम करीब 5 बजे निदान वॉटरफॉल घूमने पहुंचे थे। इसी दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में हुई तेज बारिश के कारण वॉटरफॉल का जलस्तर अचानक बढ़ गया, जिससे दोनों युवक तेज बहाव के बीच फंस गए।
अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण रहा, लेकिन पुलिस और वन विभाग की टीम ने रात 8 से 9 बजे के बीच दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
प्रशासन ने जारी की चेतावनी
घटना के बाद वन विभाग और पुलिस प्रशासन ने पर्यटकों से अपील की है कि मानसून के दौरान वॉटरफॉल और नदी-नालों के आसपास विशेष सावधानी बरतें। बारिश शुरू होते ही या बादल घिरने पर तुरंत डेंजर जोन छोड़कर सुरक्षित स्थान पर चले जाएं और रात के समय जलप्रपातों के आसपास जाने से बचें।
बगदरी हादसे की याद हुई ताजा
इस घटना ने पाटन के बगदरी वॉटरफॉल में हुए दर्दनाक हादसे की याद भी ताजा कर दी, जहां अचानक जलस्तर बढ़ने से एक ही परिवार के 11 लोगों की मौत हो गई थी। प्रशासन ने लोगों से प्राकृतिक पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।
Tags
jabalpur
