Jabalpur News: बेलबाग में पान मसाला व्यापारी की दुकान में लाखों की चोरी, व्यापारियों ने पुलिस पर लापरवाही का लगाया आरोप

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। बेलबाग थाना क्षेत्र में चोरी की बढ़ती घटनाओं को लेकर व्यापारियों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। बीती रात चोरों ने पान मसाला कारोबारी की दुकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये मूल्य का माल पार कर दिया। व्यापारियों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

जबलपुर पान मसाला व्यापारी संघ के सदस्य सचिन जैन ने बताया कि उनके व्यापारी मित्र एवं भतीजे सौरभ जैन की फर्म 'सूर्यांश ट्रेडर्स' (बेलबाग क्षेत्र) में चोरों ने देर रात धावा बोला। बदमाश दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे और करीब 15 से 20 लाख रुपये कीमत की आईटीसी और जीपीआई कंपनी की सिगरेट चोरी कर ले गए।

व्यापारियों का आरोप है कि बेलबाग थाना क्षेत्र में चोरी, छिनैती और लूट की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। उनका कहना है कि तीन दिन पहले ही एक अन्य व्यापारी से 70 हजार रुपये की लूट हुई थी, जिसके बाद भी सुरक्षा व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हुआ।

पान मसाला व्यापारी संघ ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि चोरी की घटना का शीघ्र खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए और क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि व्यापारियों में सुरक्षा का विश्वास कायम हो सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post