केतन हत्याकांड में नया खुलासा: हत्या से 24 दिन पहले सिया ने दोस्त से कहा था- 'ये शादी होने नहीं वाली'

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) पुणे। केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच में एक नया मोड़ सामने आया है। आरोपी मंगेतर सिया गोयल की अपनी दोस्त के साथ 25 मई की कथित स्नैपचैट बातचीत वायरल हुई है, जिसमें उसने लिखा था, "शादी की टिकट के लिए आधार कार्ड भेज दे, जो होने नहीं वाली... फिर भी भेज दे।" यह चैट हत्या से करीब 24 दिन पहले की बताई जा रही है। पुलिस वायरल चैट की सत्यता और उसके संबंध में जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी पर 18 जून को पुणे के लोहगढ़ किले से केतन अग्रवाल को धक्का देकर हत्या करने का आरोप है। केतन और सिया की शादी इसी साल नवंबर में तय थी।

जांच में यह भी सामने आया है कि सिया और चेतन हत्या की साजिश के दौरान आपस में कोडवर्ड, निकनेम और इमोजी के जरिए बातचीत करते थे। पुलिस ने दोनों के मोबाइल फोन से डिलीट किया गया डेटा रिकवर कर लिया है और सांकेतिक भाषा को समझने के लिए विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है। सिया के घर से बरामद एक अन्य मोबाइल फोन को भी फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।

शुक्रवार को वडगांव कोर्ट ने सिया गोयल और चेतन चौधरी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। दोनों को पुणे की येरवदा जेल में रखा जाएगा। कोर्ट ने पुलिस की रिमांड बढ़ाने की मांग खारिज कर दी। पेशी के दौरान दोनों आरोपियों ने नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट कराने से भी इनकार कर दिया।

इस बीच मामले में तीसरे व्यक्ति की भूमिका की भी जांच की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने बीड से एक युवक को हिरासत में लिया है। दावा है कि सिया और चेतन ने हत्या की योजना उससे साझा की थी। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और उसे मामले में गवाह भी बनाया जा सकता है।

पुलिस जांच के अनुसार, हत्या की साजिश मई के आखिर में बनाई गई थी। 14 जून को कथित तौर पर पहली बार केतन को किले से धक्का देने की कोशिश की गई, लेकिन वह बच गया। इसके बाद 18 जून को सिया और चेतन ने मिलकर कथित रूप से केतन को लोहगढ़ किले से धक्का देकर उसकी हत्या कर दी। जांच एजेंसियां अब डिजिटल साक्ष्यों, वायरल चैट और बरामद मोबाइल डेटा के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post