दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले उन्हें जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। ऑस्ट्रेलिया की संघीय पुलिस इस धमकी की गंभीरता से जांच कर रही है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, यह धमकी सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत कार्यक्रम के प्रचार से जुड़ी एक पोस्ट के नीचे दी गई। एक फेसबुक खाते से टिप्पणी करते हुए लिखा गया कि "कार्यक्रम के दौरान स्टेडियम की छत बंद रहनी चाहिए, नहीं तो वह ऑस्ट्रेलिया अपनी मौत के लिए आएगा।"
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि जांच एजेंसियों ने इस टिप्पणी से जुड़े इंटरनेट पते की पहचान कर ली है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8 से 10 जुलाई तक ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान 9 जुलाई को मेलबर्न के एक बड़े स्टेडियम में आयोजित होने वाले स्वागत कार्यक्रम में उनके शामिल होने की संभावना है।
धमकी सामने आने के बाद इसकी सूचना तुरंत ऑस्ट्रेलिया की संघीय पुलिस को दी गई, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुट गई हैं। फिलहाल पुलिस ने मामले में आधिकारिक रूप से विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है।
Tags
national
