पति की हत्या कर बाथरूम में दफनाया शव, ऊपर बनवाई फर्श; 45 दिन बाद पत्नी ने कबूला जुर्म

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) आगरा। आगरा में एक सनसनीखेज हत्या का खुलासा हुआ है। एक महिला ने अपने पति की कथित तौर पर हत्या करने के बाद शव को घर के बाथरूम में दफना दिया और ऊपर से नई फर्श बनवा दी। इसके बाद वह करीब 45 दिनों तक उसी बाथरूम का इस्तेमाल करती रही और परिवार तथा पुलिस को गुमराह करती रही। आखिरकार महिला ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने बाथरूम की फर्श तुड़वाकर कंकाल बरामद किया।

मृतक की पहचान 44 वर्षीय सुरेंद्र कुमार शर्मा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से राजस्थान के भरतपुर के रहने वाले थे और आगरा के सिकंदरा क्षेत्र में पत्नी, दो बेटियों और मां के साथ रह रहे थे।

पुलिस के अनुसार, सुरेंद्र की गुमशुदगी 26 मई को दर्ज कराई गई थी। जांच के दौरान आरोपी पत्नी रूबी पुलिस के साथ पति की तलाश में शामिल होती रही और रोने का नाटक कर सभी को भ्रमित करती रही। हालांकि उसके जेठ को उसके व्यवहार पर शक हुआ। बातचीत के दौरान भरोसा दिलाने पर रूबी ने पूरी घटना स्वीकार कर ली।

आरोपी महिला ने पुलिस को बताया कि उसका पति शराब पीकर अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। इससे परेशान होकर उसने 17 मई की रात खीर में 18 से अधिक नींद की गोलियां मिलाकर पति को खिला दीं। अगले दिन उसकी मौत हो गई। इसके बाद उसने बाथरूम में गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया और बाद में मजदूर बुलाकर वहां नई फर्श बनवा दी।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बाथरूम की फर्श तुड़वाई। शव पूरी तरह गल चुका था और केवल कंकाल बरामद हुआ। कंकाल को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।

पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post