पेपर लीक से जुड़ा परीक्षा संशोधन बिल लोकसभा में पेश, विपक्ष के हंगामे के बाद लोकसभा व राज्यसभा 2 बजे तक स्थगित

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने सोमवार को सार्वजनिक परीक्षाओं में पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ियों पर सख्ती के उद्देश्य से 'सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026' लोकसभा में पेश किया। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने ध्वनि मत के जरिए विधेयक सदन में प्रस्तुत किया।

विधेयक पेश होने के दौरान विपक्षी सांसदों ने NEET पेपर लीक और छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। विपक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से छात्रों से माफी मांगने की मांग की। लगातार हंगामे के कारण लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही पहले दोपहर 12 बजे तक और बाद में दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी गई।

संसद सत्र शुरू होने से पहले विपक्षी दलों ने संसद परिसर के मकर द्वार पर प्रदर्शन किया। कांग्रेस समेत कई विपक्षी दलों ने छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई और परीक्षा प्रणाली में कथित गड़बड़ियों को लेकर सरकार से जवाब मांगा।

इस बीच, पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफे के बाद पहली बार संसद पहुंचे। एनडीए सांसदों ने उनका शॉल और मिथिला पाग पहनाकर स्वागत किया। प्रधान ने 25 जुलाई को NEET पेपर लीक विवाद के बीच अपने पद से इस्तीफा दिया था।

विपक्ष ने संसद के भीतर और बाहर सरकार को घेरते हुए छात्रों पर दर्ज मामलों की समीक्षा, पुलिस कार्रवाई की जांच और परीक्षा व्यवस्था में जवाबदेही तय करने की मांग दोहराई। वहीं, सरकार का कहना है कि संशोधन विधेयक का उद्देश्य पेपर लीक, नकल और संगठित परीक्षा धोखाधड़ी पर और अधिक प्रभावी ढंग से रोक लगाना है। संसद में इस विधेयक पर सत्तापक्ष की ओर से कई सांसद चर्चा में भाग लेंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post