दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। मध्य प्रदेश में लागू की जा रही ई-अटेंडेंस व्यवस्था के बीच एक शिक्षक सड़क हादसे का शिकार हो गए। स्कूल समय पर पहुंचकर ई-अटेंडेंस दर्ज कराने की जल्दबाजी में उनकी बाइक फिसल गई, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। घायल शिक्षक ने प्राचार्य को पत्र लिखकर अनुरोध किया है कि उन्हें अनुपस्थित दर्ज न किया जाए, क्योंकि वे विद्यालय आते समय दुर्घटनाग्रस्त हुए थे।
जानकारी के अनुसार, मुरैना जिले के सबलगढ़ विकासखंड के बामसौली निवासी शिक्षक पूरनचंद्र सोनी 2 जुलाई को बारिश के बावजूद समय पर स्कूल पहुंचने के लिए निकले थे। उन्होंने पत्र में बताया कि ई-अटेंडेंस में अनुपस्थित न लगने की चिंता के कारण वे जल्दबाजी में विद्यालय जा रहे थे। इसी दौरान रामपुर घाटी में फिसलन भरी सड़क पर उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई।
आंख में ब्लड क्लॉट, शरीर पर कई चोटें
हादसे के बाद राहगीरों और स्कूल स्टाफ की मदद से उन्हें सबलगढ़ अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकीय जांच में शरीर पर कई चोटों के साथ उनकी आंख में ब्लड क्लॉट होने की पुष्टि हुई। शिक्षक ने प्राचार्य से आग्रह किया है कि दुर्घटना की परिस्थितियों को देखते हुए उन्हें अनुपस्थित न माना जाए।
ई-अटेंडेंस पर फिर उठे सवाल
घटना के बाद शिक्षक संगठनों ने ई-अटेंडेंस व्यवस्था की व्यवहारिकता पर सवाल उठाए हैं। शासकीय शिक्षक संगठन के कार्यकारी प्रांताध्यक्ष उपेंद्र कौशल ने कहा कि सरकार तकनीक का उपयोग करे, लेकिन पहले उससे जुड़ी व्यावहारिक समस्याओं और आवश्यक संसाधनों का समाधान भी सुनिश्चित करे। उनका कहना है कि शिक्षकों पर अतिरिक्त आर्थिक और प्रशासनिक बोझ नहीं डाला जाना चाहिए।
Tags
madhya pradesh
